क्या ललन सिंह के खिलाफ साजिश कर रहे हैं नीतीश कुमार? अटकलों का बाजार है गर्म

By एस पी सिन्हा | Published: September 26, 2023 06:53 PM2023-09-26T18:53:37+5:302023-09-26T18:55:06+5:30

सोमवार को मुख्यमंत्री के आवासीय परिसर में ही नीतीश कुमार के बेहद खास मंत्री अशोक चौधरी और राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह उलझ गए थे। ललन सिंह और अशोक चौधरी के बीच सार्वजनिक विवाद के बाद स्थिति गंभीर हो गई है।

Is Nitish Kumar conspiring against Lalan Singh jdu bihar news | क्या ललन सिंह के खिलाफ साजिश कर रहे हैं नीतीश कुमार? अटकलों का बाजार है गर्म

नीतीश कुमार और ललन सिंह (फाइल फोटो)

Highlights जदयू में अंदरूनी युद्ध जैसे से हालात हो गए हैं पार्टी के दो खेमों में बंटे होने की चर्चा होने लगी हैअशोक चौधरी पार्टी अध्यक्ष ललन सिंह से लड़ बैठे

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू में अंदरूनी युद्ध जैसे से हालात हो गए हैं और पार्टी के दो खेमों में बंटे होने की चर्चा होने लगी है। चर्चाओं पर गौर करें तो अशोक चौधरी समेत कुछ मंत्रियों और नेताओं के पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह से संबंध सामान्य नहीं हैं। दरअसल, मंत्री अशोक चौधरी पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की खास कृपा बताई जा रही है। ऐसे में ललन सिंह चाह कर भी उनका बिगाड़ नहीं पा रहे हैं। 

बता दें कि चार दिन पहले ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भरी महफिल में अशोक चौधरी के कंधे पर सिर रखकर कहा था कि हम दोनों में काफी प्रेम है। शायद नीतीश कुमार के इसी प्रेम के कारण अशोक चौधरी पार्टी अध्यक्ष ललन सिंह से भी लड़ बैठे। सोमवार को मुख्यमंत्री के आवासीय परिसर में ही नीतीश कुमार के बेहद खास मंत्री अशोक चौधरी और राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह उलझ गए थे।

बताया जाता है कि दोनों के बीच तीखी बहस हुई। इस दृश्य को कई नेताओं ने देखा। शायद पहली दफे किसी मंत्री ने ललन सिंह को इस तरह से जवाब दिया हो। इस तरह के जवाब का अनुमान राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी नहीं होगा। यह बात सामने आने के बाद दल के अंदर ही यह चर्चा शुरू हो गई है कि अब अगला नंबर ललन सिंह का है। क्योंकि जदयू का इतिहास रहा है कि बड़े नेताओं को ठिकाने लगाने के लिए दूसरे नेता को खड़ा किया जाता है। राजनीतिक जानकार बताते हैं कि जदयू के अंदर जार्ज से लेकर शरद यादव और आरसीपी को ठिकाना लगाने में इसी तरह के फार्मूले का प्रयोग किया गया था।

ललन सिंह और अशोक चौधरी के बीच सार्वजनिक विवाद के बाद स्थिति गंभीर हो गई है। ऊपर से भले ही मामले को रफा-दफा दिखाने की कोशिश की जा रही हो, लेकिन ऐसा नहीं है। सोमवार को दोनों के बीच हुए विवाद के बाद जहां आज मंगलवार को मंत्री अशोक चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पीछे मजबूती से खड़े दिखे। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह अन्य दिनों की तरह प्रदेश कार्यालय पहुंचे। वैसे यह सब दिखाने की कोशिश है कि सब कुछ सामान्य है। इस मुद्दे पर मंत्री विजय चौधरी से पूछा गया कि ललन सिंह और अशोक चौधरी के बीच विवाद हुआ है, क्या कहेंगे? सवाल सुनकर वह थोड़े परेशान हुए। फिर माहौल को हल्का करते हुए कहा कि कहां कुछ हुआ है? वह दोनों आदमी में कुछ हुआ है क्या, यह सब अफवाह है। दोनों आदमी जदयू में हैं, एक राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और एक वरिष्ठ मंत्री हैं। अगर कुछ मतभेद भी होगा तो निराकरण हो जाता है, यह कौन सी बड़ी बात है।

Web Title: Is Nitish Kumar conspiring against Lalan Singh jdu bihar news

बिहार से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे