लिखकर देती हूं 'लाल सिंह चड्ढा' पटना में गर्दा उड़ाएगी, आमिर खान से बोलीं अक्षरा सिंह तो बिहार के वीडियो क्रिएटर भड़के
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: August 1, 2022 12:36 PM2022-08-01T12:36:56+5:302022-08-01T14:28:05+5:30
आमिर खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म लाल सिंह चड्ढा के प्रचार में व्यस्त हैं। फिल्म इसी महीने रिलीज होने वाली है। इसी सिलसिले में आमिर खान ने भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह को इंटरव्यू दिया था जो काफी चर्चा में बना हुआ है।
मुंबईः भोजपुरी अभिनेत्री व सिंगर अक्षरा सिंह इन दिनों आमिर खान का इंटरव्यू लेने को लेकर चर्चा में हैं। आमिर खान इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म लाल सिंह चड्ढा का प्रचार कर रहे हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने हाल ही में अक्षरा सिंह को इंटरव्यू दिया था। इस बातचीत में आमिर खान को लाल सिंह चड्ढा की कामयाबी का आश्वासन देते हुए अक्षरा सिंह ने कहा कि मैं आपको लिखकर देती हूं कि यह फिल्म पटना में गर्दा उड़ाएगी यानी बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाएगी।
अक्षरा सिंह के इस आश्वासन के बाद बिहार के वीडियो क्रिएटर राणा दीपू सिंह और आलोक पांडे ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दोनों ही लोगों ने अक्षरा सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि खुद के करियर का तो पता ही नहीं है और लाल सिंह चड्ढा के सुपर-डुपर हिट होने की गारंटी दे रही हैं वह भी बिहार में। राणा दीपू सिंह को अपने फेसबुक पेज क्रिएटर बबुआ पर साझा किए एक वीडियो में कहते सुना जा सकता है- जिस तरह से ठग्स ऑफ हिंदुस्तान का हाल हुआ, जिस तरह से तमाम बॉलीवुड फिल्मों का हाल हो रहा है वैसा ही लाल सिंह चड्ढा का होगा।
राणा दीपू आगे कहते हैं- बॉलीवुड वालों ने जब से गुटबाजी करके सुशांत सिंह को मार दिया तब से बॉलीवुड की स्थिति क्या हुआ देख लीजिए। सिर्फ दो फिल्में- भूलभुलेया 2 और सूर्यवंशम चली है। बाकी की फिल्मों का हाल देख लीजिए। वहीं आलोक पांडे ने भी अक्षरा सिंह को टारगेट करते हुए कहा कि जिसका अपने करियर का ठिकाना नहीं वह लाल सिंह चड्ढा के सुपरहिट होने की बात कह रहा है।
अक्षरा सिंह आमिर खान का इंटरव्यू करने के बाद काफी खुश हैं। आमिर खान संग बातचीत को लेकर अक्षरा ने एक इंटरव्यू में कहा कि यह उनके सपने जैसा था। अभिनेत्री ने कहा- उनके सामने बैठकर उनसे बातचीत करना। उन्हें देखकर बड़ी हुई, उनके गानों पर पागल होकर डांस किया। उनके परफेक्शन से प्यार हो गया। यह मुलाकात बेहद ही खास है। बिल्कुल सपने जैसी है। गौरतलब है कि अक्षरा सिंह ने आमिर संग डांस का एक वीडियो भी कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर साझा किया था जिसे उनके प्रशंसकों ने काफी पसंद किया था।