तेल अवीव: हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य को लेकर संकट एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की मांग की है, अन्यथा अमेरिका सैन्य हमले और तेज कर सकता है। इस बीच इजरायली सेना ने ईरान के लोगों को ट्रेन से यात्रा न करने की चेतावनी दी है। पिछले पांच हफ्तों से मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध में संभावित असर देखने को मिलेगा। इजरायली सेना ने नया टारगेट सेट किया है। फारसी भाषा में एक संदेश में इजरायल की सेना ने ईरानियों को बताया कि ट्रेनों और रेलवे ट्रैक के पास उनकी उपस्थिति उनके जीवन को खतरे में डाल सकती है।
सेना ने अपने फारसी भाषा के अकाउंट पर लिखा, "आपकी सुरक्षा के लिए, हम आपसे अनुरोध करते हैं कि अब से लेकर ईरानी समयानुसार रात 9:00 बजे तक पूरे देश में ट्रेनों का उपयोग करने या ट्रेन से यात्रा करने से बचें।" "ट्रेनों और रेलवे ट्रैक के पास आपकी उपस्थिति आपके जीवन को खतरे में डालती है।" तेहरान ने हफ्तों से पूरे ईरान में इंटरनेट अवरुद्ध कर रखा है।
जिससे आम लोगों के लिए ऐसी चेतावनियों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। हालांकि, ईरान के बाहर से संचालित फारसी भाषा के सैटेलाइट नेटवर्क ऐसी रिपोर्ट प्रसारित करते हैं, जिससे जानकारी इस्लामिक गणराज्य तक पहुंच जाती है। मंगलवार की सुबह इजरायल ने ईरान पर नए सिरे से हमले किए, जबकि ईरान ने इजरायल और उसके खाड़ी अरब पड़ोसियों पर मिसाइल दागकर जवाब दिया।
ईरान में स्थिति यह चेतावनी ईरान द्वारा संयुक्त राज्य अमेरिका के 45 दिवसीय युद्धविराम प्रस्ताव को अस्वीकार करने और युद्ध की स्थायी समाप्ति की मांग करने के कुछ घंटों बाद आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा समझौते के लिए दिया गया अल्टीमेटम अब और भी गंभीर होता जा रहा है, जिसमें इस्लामिक गणराज्य के सभी बिजली संयंत्रों और पुलों पर हमले की धमकी को भी शामिल किया गया है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस सोशल मीडिया पोस्ट पर “चिंता” जताई है, जिसमें उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोलने पर ईरान के बिजली संयंत्रों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे पर हमले की धमकी दी है।