राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मिला जवाब?, माली और बुर्किना फासो ने अमेरिकी नागरिकों पर लगाया जवाबी यात्रा प्रतिबंध
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: December 31, 2025 09:28 IST2025-12-31T09:27:56+5:302025-12-31T09:28:38+5:30
माली के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘ विदेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्रालय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सूचित करता है कि माली गणराज्य की सरकार तत्काल प्रभाव से अमेरिकी नागरिकों पर भी वही शर्तें लागू कर रही है जो माली के नागरिकों के लिए लागू की गईं हैं।’’

file photo
बमाकोः अफ्रीकी देश माली और बुर्किना फासो ने मंगलवार देर रात घोषणा की कि वे उनके नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाए जाने के जवाब में अमेरिकी नागरिकों के अपने-अपने देशों में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा रहे हैं। पश्चिम अफ्रीका के इन दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने इस संबंध में अलग-अलग बयान जारी किए जिससे पश्चिम अफ्रीका के इन देशों की सैन्य सरकारों और अमेरिका के बीच तनावपूर्ण संबंधों के नए संकेत मिलते हैं। माली के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘ विदेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्रालय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सूचित करता है कि माली गणराज्य की सरकार तत्काल प्रभाव से अमेरिकी नागरिकों पर भी वही शर्तें लागू कर रही है जो माली के नागरिकों के लिए लागू की गईं हैं।’’
बुर्किना फासो के विदेश मंत्री करामोको जीन-मैरी ट्राओरे द्वारा हस्ताक्षरित एक बयान में भी अमेरिकी नागरिकों के बुर्किना फासो में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के लिए इसी तरह के कारणों का हवाला दिया गया है। दरअसल अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने पहले से लागू यात्रा प्रतिबंधों का विस्तार करते हुए माली, बुर्किना फासो और नाइजर सहित 20 नए देशों पर 16 दिसंबर को प्रतिबंध लगाया था।