संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों ने उपहार में दो लाख कोविड-19 टीके देने के लिए भारत का आभार जताया

By भाषा | Updated: March 27, 2021 11:46 IST2021-03-27T11:46:42+5:302021-03-27T11:46:42+5:30

UN officials thank India for giving two lakh Kovid-19 vaccines as gift | संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों ने उपहार में दो लाख कोविड-19 टीके देने के लिए भारत का आभार जताया

संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों ने उपहार में दो लाख कोविड-19 टीके देने के लिए भारत का आभार जताया

(योषिता सिंह)

संयुक्त राष्ट्र, 27 मार्च संयुक्त राष्ट्र के शांति रक्षक अभियानों के प्रमुख सहित उसके शीर्ष अधिकारियों ने शांति सैनिकों के लिए कोविड-19 टीकों की 2,00,000 खुराकें उपहार में देने के लिए भारत का आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि यह दान शांति सैनिकों को अपने जीवन-रक्षक कार्य को सुरक्षित तरीके से जारी रखने में सक्षम करेगा।

संयुक्त राष्ट्र के शांति सैनिकों के लिए भारत द्वारा उपहार के रूप में दी गई कोविड-19 टीकों की 2,00,000 खुराकें शनिवार सुबह मुंबई से भेजी गईं, जो डेनमार्क के कोपेनहेगन पहुंचेंगी। फिर उन्हें संयुक्त राष्ट्र के सभी शांति रक्षा अभियानों के लिए वितरित किया जाएगा।

शांति रक्षा अभियानों के लिए अवर महासचिव जीन-पियरे लैक्रोइक्स और संचालन सहायता के लिए अवर महासचिव अतुल खरे ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों के लिए टीके की खुराक देने के लिए भारत की सराहना की।

लैक्रोइक्स ने कहा, "सभी शांति सैनिकों को कोविड-19 टीका लगाना संयुक्त राष्ट्र की एक बड़ी प्राथमिकता है ताकि उसके कर्मी अपने महत्वपूर्ण कार्य को जारी रख सकें, कमजोर समुदायों की रक्षा करना जारी रख सकें।"

उन्होंने कहा, “भारत शांति व्यवस्था का एक पुराना और दृढ़ समर्थक रहा है और मैं भारत की सरकार और लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने हमारे शांति सैनिकों की सुरक्षा के लिए कोविड​​-19 टीके का उदारतापूर्वक दान किया है और उन्हें सुरक्षित तरीके से अपने जीवन रक्षक कार्य को जारी रखने में सक्षम किया है।”

खरे ने संयुक्त राष्ट्र के शांति रक्षा अभियानों के लिए 2,00,000 टीकों के दान के लिए भारत को धन्यवाद दिया।

गौरतलब है कि विदेश मंत्री एस जयशंकर ने फरवरी में घोषणा की थी कि भारत संयुक्त राष्ट्र के शांति सैनिकों के लिए कोविड-19 टीके की 2,00,000 खुराकें देगा।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: UN officials thank India for giving two lakh Kovid-19 vaccines as gift

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे