Ukraine-Russia Crisis: कीव में शाम पांच से सुबह आठ बजे तक कर्फ्यू, 120000 से अधिक लोग देश छोड़े, ब्रिटेन ने कहा- कीव से 30 KM दूर रूसी सेना
By सतीश कुमार सिंह | Updated: February 26, 2022 18:03 IST2022-02-26T17:56:32+5:302022-02-26T18:03:47+5:30
Ukraine-Russia Crisis: संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी एजेंसी ने कहा है कि इस सप्ताह रूस द्वारा अपने पड़ोसी देश पर हमला शुरू करने के बाद से यूक्रेन के 1,20,000 से अधिक लोग देश छोड़ चुके हैं।

फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि वह आश्वस्त हैं कि ‘‘यह युद्ध अभी चलेगा’’ और चेतावनी दी कि यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के यूरोपीय लोगों के लिए गंभीर परिणाम होंगे। (file photo)
Ukraine-Russia Crisis: यूक्रेन की राजधानी के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने शाम पांच बजे से सुबह आठ बजे तक कीव में कड़े कर्फ्यू का आदेश दिया है। बाहरी इलाके में शनिवार को एक बहुमंजिला इमारत पर रॉकेट हमले में कम से कम छह लोग घायल हो गए।
198 लोग मारे गए हैं और 1,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के 1,20,000 से अधिक लोग देश छोड़ चुके हैं। यूक्रेन की राजधानी के मेयर ने शहर में रूसी सैनिकों के हमले के चलते कर्फ्यू की अवधि को बढ़ा दिया है। मेयर विटाली क्लिट्स्को ने टेलीग्राम पर कहा कि शाम पांच बजे से सुबह आठ बजे तक कीव में कड़ा कर्फ्यू लागू रहेगा। उन्होंने कहा, ‘‘कर्फ्यू के दौरान सड़क पर मौजूद सभी नागरिकों को दुश्मन के तोड़फोड़ और टोही समूहों का सदस्य माना जाएगा।’’ दो दिन पहले लागू किया गया कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह सात बजे तक था।
बचाव अभियान से जुड़े एक कर्मचारी ने इसकी जानकारी दी। बचाव अभियान में हिस्सा ले रहे दमकलकर्मी पेट्रो प्रोकोपोव ने बताया कि कीव के दक्षिण-पश्चिम छोर पर झूलियानी हवाई अड्डे के पास एक बहुमंजिला इमारत की 16वीं और 21वीं मंजिल के बीच राकेट टकराया। उन्होंने बताया कि कम से कम छह लोग घायल हो गए और इमारत के दो तल पर आग लग गई।
Ukrainian President Volodymyr Zelensky urges Germany, Hungary to support cutting Russia from SWIFT: AFP
— ANI (@ANI) February 26, 2022
(File Pic) pic.twitter.com/DFFvRJMUUZ
बचाव अभियान से जुड़े कर्मियों ने 80 लोगों को बचाया। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें अपार्टमेंट की इमारत के एक तरफ एक बड़ा छेद दिखाई दे रहा है। यूक्रेन के बुनियादी ढांचा मंत्रालय ने कहा कि एक रूसी मिसाइल को शनिवार तड़के उस समय मार गिराया गया जब वह विशाल जलाशय के बांध की ओर जा रही थी।
Russian forces have continued their advance on Kyiv with the bulk of their forces now 30km from centre of the city. Ukrainian Armed Forces continue to put up staunch resistance across the country: UK Ministry of Defence pic.twitter.com/MNsZDcQogx
— ANI (@ANI) February 26, 2022
इस जलाशय से कीव को पानी की आपूर्ति की जाती है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘अगर बांध नष्ट हो जाता तो बाढ़ से लोग हताहत होते और इससे काफी क्षति होती।’’ रूसी सैनिक यूक्रेन की राजधानी पर हमला तेज कर रहे हैं और कई दिशाओं से शहर की तरफ बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। रूस ने बार-बार दावा किया है कि उसके निशाने पर केवल यूक्रेन के सैन्य ठिकाने हैं।
यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्री विक्टर ल्याशको ने कहा है कि रूस के हमले में 198 लोग मारे गए हैं और 1,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ल्याशको ने शनिवार को बताया कि मरने वालों में तीन बच्चे भी हैं। उनके बयान से यह स्पष्ट नहीं हुआ कि हताहतों में कितने सैनिक और आम नागरिक हैं। ल्याशको ने कहा कि बृहस्पतिवार को बड़े पैमाने पर हवाई और मिसाइल हमलों तथा उत्तर, पूर्व और दक्षिण से यूक्रेन में सैनिकों के अभियान के साथ शुरू हुए रूसी आक्रमण में 33 बच्चों सहित 1,115 लोग घायल हो गए।