लड़कियों को स्कूलों में पढ़ाई की इजाजत पर जल्द घोषणा करेगा तालिबान : संरा अधिकारी

By भाषा | Updated: October 16, 2021 15:58 IST2021-10-16T15:58:29+5:302021-10-16T15:58:29+5:30

Taliban to announce soon on allowing girls to attend schools: UN official | लड़कियों को स्कूलों में पढ़ाई की इजाजत पर जल्द घोषणा करेगा तालिबान : संरा अधिकारी

लड़कियों को स्कूलों में पढ़ाई की इजाजत पर जल्द घोषणा करेगा तालिबान : संरा अधिकारी

संयुक्त राष्ट्र, 16 अक्टूबर (एपी) संयुक्त राष्ट्र के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि तालिबान ने उन्हें बताया कि वे ‘‘जल्द’’ यह घोषणा करेंगे कि सभी अफगान लड़कियों को माध्यमिक स्कूलों में पढ़ने की इजाजत होगी।

पिछले सप्ताह काबुल की यात्रा पर गए संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) के उप कार्यकारी निदेशक उमर आब्दी ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पत्रकारों को बताया कि अफगानिस्तान के 34 प्रांतों में से पांच प्रांतों - उत्तर पश्चिम में बल्ख, जौजजान और समंगान, उत्तर पूर्व में कुंदुज और दक्षिण पश्चिम में उरोजगान में पहले ही माध्यमिक स्कूलों में लड़कियों को पढ़ने की इजाजत है।

उन्होंने कहा कि तालिबान के शिक्षा मंत्री ने उन्हें बताया कि वे सभी लड़कियों को छठी कक्षा से आगे अपनी स्कूली शिक्षा जारी रखने की अनुमति देने के लिए ‘‘एक रूपरेखा’’ पर काम कर रहे हैं, जिसे ‘‘एक से दो महीने के बीच’’ जारी किया जाएगा। आब्दी ने कहा, ‘‘माध्यमिक विद्यालय जाने की उम्र वाली लाखों लड़कियां लगातार 27वें दिन शिक्षा से वंचित हैं।

अफगानिस्तान में तालिबान के 1996-2001 के शासन के दौरान लड़कियों और महिलाओं को शिक्षा के अधिकार से वंचित कर दिया गया था और उनके काम करने और सार्वजनिक जीवन पर रोक लगा दी गई थी।

आब्दी ने कहा कि हर बैठक में उन्होंने तालिबान को ‘‘लड़कियों की शिक्षा बहाल करने’’ पर जोर दिया और इसे खुद लड़कियों और देश के हित में महत्वपूर्ण बताया।’’ अपनी काबुल यात्रा पर यूनिसेफ उप प्रमुख ने बच्चों के अस्पताल का भी दौरा किया, जहां कुपोषित बच्चों की तादाद देखकर वह काफी हैरत में पड़ गए इनमें कुछ शिशु भी थे।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतेरेस ने दुनिया से अफगान अर्थव्यवस्था को ढहने से बचाने और अफगान लोगों की मदद करने का आग्रह किया है। आब्दी ने महासचिव की अपील भी दोहराई और कहा कि ‘‘अफगानिस्तान में हालात गंभीर हैं और यह बदतर ही होते जाएंगे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Taliban to announce soon on allowing girls to attend schools: UN official

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे