तालिबान ने कंधार पर कब्जे का किया दावा, अफगानिस्तान का है ये दूसरा सबसे बड़ा शहर
By विनीत कुमार | Updated: August 13, 2021 08:58 IST2021-08-13T08:41:25+5:302021-08-13T08:58:28+5:30
तालिबान ने दावा किया है कि उसने कंधार पर कब्जा कर लिया है। इस तरह पिछले एक हफ्ते से भी कम समय में तालिबान ने अफगानिस्तान में 12 प्रांतीय राजधानियों पर कब्जा कर लिया है।

तालिबान का कंधार पर कब्जे का दावा (फाइल फोटो)
काबुल: तालिबान ने अफगानिस्तान के दूसरे सबसे बड़े शहर कंधार पर कब्जे का दावा किया है। तालिबन के कंधार पर कब्जा कर लेने के बाद अब अगानिस्तान सरकार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। इसके बाद अफगानिस्तान सरकार के हाथ में केवल राजधानी काबुल और देश के कुछ और हिस्से रह गए हैं।
तालिबान के एक प्रवक्ता ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, कंधार पर पूरी तरह से कब्जा हो चुका है। मुजाहिदीन शहर में 'मार्टियर्स स्कवॉयर' पर पहुंच गए हैं। न्यूज एजेंसी एएफपी के अनुसार एक स्थानीय नागरिक ने भी इसकी पुष्टि की है। नागरिक ने बताया कि अफगान सेना बड़ी संख्या में पीछे हट गई है और शहर के बाहर चली गई है।
इससे पहले गुरुवार को तालिबान ने दो और प्रांतीय राजधानी गजनी और हेरात पर कब्जा कर लिया था। इसके साथ ही पिछले एक हफ्ते में तालिबान ने 12 प्रांतीय राजधानियों पर कब्जा कर लिया है। अफगानिस्तान में 34 प्रांतीय राजधानी हैं।
अमेरिकी और नाटो सेना की वापसी से तालिबान के हौसले बुलंद
दरअसल, अमेरिकी सेना की अफगानिस्तान से वापसी की तैयारी के बीच तालिबान और अफगान सेनाओं में संघर्ष तेज हो गया है। वहीं पेटागन के अधिकारियों ने खुलासा किया है कि कुछ सैनिकों को अफगानिस्तान में दूतावास से कर्मचारियों को निकालने के लिए भेजा गया है।
अमेरिका और नाटो के सैनिक करीब 20 साल पहले अफगानिस्तान आए थे और उन्होंने तालिबान सरकार को अपदस्थ किया था। अब अमेरिकी बलों की पूरी तरह वापसी से कुछ सप्ताह पहले तालिबान ने गतिविधियां बढ़ा दी हैं। मौजूदा स्थिति में देश के करीब दो तिहाई हिस्से पर तालिबान की पकड़ मजबूत होती दिख रही है।
इस बीच काबुल से भी हजारों लोग घर छोड़कर जा चुके हैं क्योंकि उन्हें डर है कि एक बार फिर तालिबान का दमनकारी शासन आ सकता है। अमेरिकी सेना का ताजा खुफिया आकलन बताता है कि काबुल 30 दिन के अंदर तालिबान के दबाव में आ सकता है और मौजूदा स्थिति बनी रही तो कुछ ही महीनों में पूरे देश पर नियंत्रण हासिल कर सकता है।
(भाषा इनपुट)