श्रीलंका: आर्थिक संकट को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच महिंदा राजपक्षे ने पीएम पद से दिया इस्तीफा
By मनाली रस्तोगी | Updated: May 9, 2022 16:51 IST2022-05-09T16:20:52+5:302022-05-09T16:51:25+5:30
श्रीलंका में आर्थिक संकट पर भारी विरोध के बीच देश के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

श्रीलंका: आर्थिक संकट को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच महिंदा राजपक्षे ने पीएम पद से दिया इस्तीफा
कोलंबो: श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया। इस बीच उनके (महिंदा राजपक्षे) समर्थकों द्वारा राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के कार्यालय के बाहर प्रदर्शनकारियों पर हमला करने के बाद राजधानी कोलंबो में सेना के जवानों को तैनात किया गया है। इस हमले में कम से कम 78 लोग घायल हो गए। श्रीलंकाई अधिकारियों ने सोमवार को पूरे देश में कर्फ्यू लगा दिया।
Sri Lankan Prime Minister Mahinda Rajapaksa resigns: Local media#SriLanka
— ANI (@ANI) May 9, 2022
(file pic) pic.twitter.com/PWAkZGGVms
कम से कम दो कैबिनेट मंत्रियों ने भी अपने इस्तीफे की घोषणा की है। प्रधानमंत्री महिंदा (76) ने राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे को अपना त्याग पत्र भेजा। एक पुलिस प्रवक्ता ने स्थानीय मीडिया के हवाले से कहा कि अगले नोटिस तक तत्काल प्रभाव से पूरे श्रीलंका में कर्फ्यू लगा दिया गया है। कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने में सहायता के लिए सैन्य दल को विरोध स्थल पर तैनात किया गया है। शुक्रवार को एक विशेष कैबिनेट बैठक में राष्ट्रपति राजपक्षे ने शुक्रवार मध्य रात्रि से आपातकाल की घोषणा कर दी थी।
यह दूसरी बार है जब श्रीलंका में लगभग एक महीने की अवधि में आपातकाल घोषित किया गया। वर्ष 1948 में ब्रिटेन से आजादी मिलने के बाद श्रीलंका अब तक के सबसे गंभीर आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है। यह संकट मुख्य रूप से विदेशी मुद्रा की कमी के कारण पैदा हुआ जिसका अर्थ है कि देश मुख्य खाद्य पदार्थों और ईंधन के आयात के लिए भुगतान नहीं कर पा रहा है। नौ अप्रैल से पूरे श्रीलंका में हजारों प्रदर्शनकारी सड़कों पर हैं, क्योंकि सरकार के पास आयात के लिए धनराशि खत्म हो गई है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं।