लापता भारतीय मछुआरे की तलाश में जुटी श्रीलंकाई नौसेना : अधिकारी
By भाषा | Updated: October 19, 2021 18:24 IST2021-10-19T18:24:57+5:302021-10-19T18:24:57+5:30

लापता भारतीय मछुआरे की तलाश में जुटी श्रीलंकाई नौसेना : अधिकारी
कोलंबो, 19 अक्टूबर श्रीलंका की नौसेना ने उस भारतीय मछुआरे को खोजने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है, जो उसकी नाव में श्रीलंकाई नौसैनिक पोत द्वारा टक्कर मारे जाने के बाद से लापता है। आधिकारिक बयान में मंगलवार को बताया गया कि लापता भारतीय मछुआरे की नौका में दो और लोग सवार थे।
यह घटना सोमवार देर रात नेदुनथीवु के पास हुई, जब श्रीलंकाई नौसेना पोत इन मछुआरों की नाव से जा टकराया, जिससे उसमें सवार तीन लोग समुद्र में जा गिरे।
श्रीलंकाई नौसेना ने एक बयान में कहा कि उनमें से दो मछुआरों को श्रीलंकाई कर्मियों ने तुरंत बचा लिया, जबकि एक अन्य मछुआरे को तुरंत नहीं बचाया जा सका और उसकी तलाश की जा रही है।
बयान में कहा गया है, "श्रीलंकाई नौसेना (एसएलएन) 18 अक्टूबर की शाम को कोविलन लाइटहाउस के उत्तर-पश्चिम में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) के पार श्रीलंकाई जल क्षेत्र में डूबी नाव पर सवार दो मछुआरों को बचाने में कामयाब रही है।"
ये मछुआरे तमिलनाडु में पुथुकोट्टई जिले के कोट्टईपट्टिनम के रहने वाले थे।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।