श्रीलंकाई नौसेना ने 12 और भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया

By भाषा | Updated: December 20, 2021 11:21 IST2021-12-20T11:21:01+5:302021-12-20T11:21:01+5:30

Sri Lankan Navy arrests 12 more Indian fishermen | श्रीलंकाई नौसेना ने 12 और भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया

श्रीलंकाई नौसेना ने 12 और भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया

कोलंबो, 20 दिसंबर श्रीलंकाई नौसेना ने 12 और भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और देश के समुद्री क्षेत्र में अवैध रूप से मछलियां पकड़ने के आरोप में उनकी दो नौकाएं भी जब्त कर ली है। इसी के साथ ही श्रीलंका द्वारा पिछले दो दिन में पकड़े गए भारतीयों की संख्या बढ़कर 55 हो गयी है।

सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ये गिरफ्तारियां रविवार को श्रीलंकाई समुद्री क्षेत्र में मन्नार के दक्षिण में की गयी। इससे एक दिन पहले ही श्रीलंकाई नौसेना ने जाफना में डेल्फ्ट द्वीप के दक्षिणपूर्व समुद्री क्षेत्र में 43 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया था और उनकी मछली पकड़ने की छह नौकाओं को जब्त कर लिया था।

श्रीलंकाई नौसेना ने एक बयान में कहा, ‘‘ श्रीलंकाई समुद्री क्षेत्र में भारतीय मछुआरों की नौकाओं को आने से रोकने और अवैध रूप से मछलियां पकड़ना रोकने के लिए नौसेना द्वारा चलाए जा रहे एक अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। उत्तरी और उत्तर मध्य नौसेना कमानों द्वारा 18 और 19 दिसंबर को चलाए गए अभियान के दौरान 55 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया और उनकी आठ नौकाओं को जब्त किया गया है।’’

कोविड-19 संबंधी नियमों का पालन करते हुए यह अभियान चलाया गया।

बयान के मुताबिक, भारतीय मछुआरों की ‘रैपिड एंटीजेन’ जांच के बाद कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें संबंधित प्राधिकारियों को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है।

गौरतलब है कि आए दिन दोनों देशों के मछुआरों को अनजाने में एक-दूसरे की समुद्री सीमा में घुसने के लिए गिरफ्तार किया जाता है। मछुआरों का मुद्दा दोनों देशों के बीच संबंधों में एक प्रमुख अड़चन बन गया है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Sri Lankan Navy arrests 12 more Indian fishermen

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे