South Africa mass shooting: दक्षिण अफ्रीका में बरसा दी गोली, 2 घटनाओं में 17 लोगों की मौत
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: September 28, 2024 18:32 IST2024-09-28T18:31:05+5:302024-09-28T18:32:10+5:30
South Africa mass shooting: पुलिस ने बताया कि एक घर में 12 महिलाओं और एक पुरुष की मौत हुई, जबकि दूसरे घर में तीन महिलाओं और एक पुरुष की जान गई।

सांकेतिक फोटो
South Africa mass shooting: दक्षिण अफ्रीका के एक ग्रामीण कस्बे में गोलीबारी की दो घटनाओं में 17 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर एथलेंडा मैथे ने एक बयान में कहा कि संदिग्धों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों में 15 महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। एक अन्य व्यक्ति अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है।
गोलीबारी की यह घटना शुक्रवार रात दक्षिण अफ्रीका के ईस्टर्न केप प्रांत के लुसिकिसिकी कस्बे में हुई। पुलिस द्वारा जारी वीडियो में दिख रहा है कि गोलीबारी एक ही इलाके के दो घरों पर हुई। पुलिस ने बताया कि एक घर में 12 महिलाओं और एक पुरुष की मौत हुई, जबकि दूसरे घर में तीन महिलाओं और एक पुरुष की जान गई।