अमेरिकी राज्य फ्लोरिडा में मरीजों को गांजा-भांग सेवन की इजाजत मिली
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: March 20, 2019 14:15 IST2019-03-20T14:15:31+5:302019-03-20T14:15:31+5:30
अमेरिका कोलंबिया सहित 10 राज्यों में मनोरंजन के लिए भी मारिजुआना के इस्तेमाल की अनुमति है जबकि 34 राज्यों में मेडिकल क्षेत्र में मारिजुआना का प्रयोग किया जा सकता है।

अमेरिकी राज्य फ्लोरिडा में अब मरीजों को मारिजुआना (भांग-गांजा) का इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई है।
अमेरिकी राज्य फ्लोरिडा में अब मरीजों को मारिजुआना (भांग-गांजा) का इस्तेमाल करने की अनुमति है। 2016 में मेडिकल क्षेत्र में मारिजुआना के इस्तेमाल के लिए संवैधानिक संशोधन किया गया था। हालांकि 2017 में रिक स्कॉट सरकार ने सभी रूपों में मारिजुआना के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया था। सोमवार को रॉन डेसेंटिस की सरकार ने मारिजुआना पर प्रतिबंध लगाने वाले कानून को निरस्त कर दिया।
जनवरी में डेसेंटिस ने पदभार संभालने के कुछ समय बाद ही फ्लोरिडा विधायिका को एक बिल भेजने के लिए कहा था। बिल मारिजुआना से प्रतिबंध हटाने के लिए था। डेसेंटिस ने सोमवार को कहा, फ्लोरिडा के 70 फीसदी मतदाताओं ने 2016 में मेडिकल क्षेत्र में मारिजुआना के इस्तेमाल को मंजूरी दी थी। मतदाताओं की इच्छा को सुनिश्चित करने के लिए विधायिका में अपने सहयोगियों को धन्यवाद देता हूं।
सीएनएन में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, मरीजों के पास अब अधिक विकल्प होंगे। नए कानून के अनुसार मरीजों को 35 दिन के अंतराल पर 2.5 औंस मारिजुआना लेने की इजाजत देता है। 18 साल के कम उम्र के रोगी भी मारिजुआना का इस्तेमाल कर सकते हैं लेकिन उन्हें बाल रोग विशेषज्ञ से सलाह लेनी होगी।
मारिजुआना को कानूनी वैधता प्रदान करवाने के लिए प्रयासरत मारिजुआना पॉलिसी प्रोजेक्ट ग्रुप ने इस फैसले का स्वागत किया है। इस ग्रुप ने कहा कि प्रतिबंध हटने से मरीजों को ज्यादा विकल्प मिलेगा। ग्रुप के एक प्रवक्ता ने कहा, मारिजुआना लेने के संबद्ध में डॉक्टरों द्वारा निर्णय लेना चाहिए, ये काम सरकारी अधिकारियों द्वारा नहीं की जानी चाहिए।
फ्लोरिडा में अगले चुनाव में मनोरंजन के लिए मारिजुआना के इस्तेमाल पर वोटिंग हो सकती है। वोटिंग 2022 या 2024 में हो सकती है। अमेरिका कोलंबिया सहित 10 राज्यों में मनोरंजन के लिए भी मारिजुआना के इस्तेमाल की अनुमति है जबकि 34 राज्यों में मेडिकल क्षेत्र में मारिजुआना का प्रयोग किया जा सकता है।