Russia-Ukraine war: भीषण युद्ध! यूक्रेन का दावा- मार गिराए रूस के पांच विमान और एक हेलीकॉप्टर
By विनीत कुमार | Updated: February 24, 2022 12:16 IST2022-02-24T11:47:47+5:302022-02-24T12:16:33+5:30
रूस की ओर से जंग के ऐलान के बाद यूक्रेन में हवाई हमले शुरू हो गए हैं। रूस की सेना ने कहा है कि उसने यूक्रेन के एयरबेस, एयरडिफेंस को तबाह कर दिया है। वहीं, यूक्रेन ने भी रूस के पांच विमान और एक हेलीकॉप्टर को मार गिराने की बात कही है।

रूस-यूक्रेन में जंग (प्रतीकात्मक तस्वीर, ट्विटर)
कीव: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई के ऐलान के बाद क्षेत्र में जंग शुरू हो चुकी है। यूक्रेन की राजधानी कीव सहित कुछ शहरों में धमाकों की भी खबरें हैं। इस बीच यूक्रेन ने बड़ा दावा किया है। यूक्रेन ने कहा है कि उसने रूस के पांच प्लेन और एक हेलीकॉप्टर को मार गिराया है।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की ओर से ये जानकारी दी गई है। बताया गया है कि ये कार्रवाई पूर्वी यूक्रेन में की गई है। वहीं, दूसरी ओर रूस की ओर से दावा किया गया है कि उसने यूक्रेन के एयरबेस, एयरडिफेंस को तबाह कर दिया है।
#UkraineRussiaCrisis "Russia says destroyed Ukraine airbases, air defences," AFP quotes news agencies
— ANI (@ANI) February 24, 2022
यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई पर रूसी सेना ने कहा है कि उसने यूक्रेन के एयर बेस, मिलिट्री बेस को ही निशाना बनाया है। रूसी सेना ने कहा है कि आबादी वाले क्षेत्रों को निशाना नहीं बनाया गया है। रूसी की ओर से ये बयान उस समय आए हैं जब ये खबर आई कि यूक्रेन के कुछ शहरों में धमाके हुए हैं और मिसाइल से हमला किया गया है।
व्लादिमीर पुतिन के ऐलान के बाद जंग की शुरुआत
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को यूक्रेन में सैन्य अभियान की घोषणा की। साथ ही पुतिन ने अन्य देशों को चेतावनी दी कि रूसी कार्रवाई में किसी प्रकार के हस्तक्षेप के प्रयास ‘के ऐसे परिणाम होंगे,जो उन्होंने पहले कभी नहीं देखे होंगे।'
टेलीविजन पर एक संबोधन में पुतिन ने अमेरिका और उसके सहयोगियों पर यूक्रेन को उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) में शामिल करने से रोकने तथा मास्को को सुरक्षा गारंटी देने की रूस की मांग को नजरंदाज करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि यूक्रेन द्वारा पेश किए जा रहे खतरों के जवाब में यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि रूस का लक्ष्य यूक्रेन पर कब्जा करना नहीं है, बल्कि क्षेत्र को सैन्य प्रभाव से मुक्त बनाना एवं अपराध करने वालों को न्याय के कटघरे में खड़ा करना है।
अमेरिका ने कही है रूस को जवाब देने की बात
पुतिन के ऐलान के कुछ देर बाद ही अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का बयान भी आया। उन्होंने एक लिखित बयान में कहा, ‘रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक पूर्व नियोजित युद्ध को चुना है, जिसका लोगों के जीवन पर विनाशकारी प्रभाव होगा। इस हमले में लोगों की मौत और तबाही के लिए केवल रूस जिम्मेदार होगा।’
उन्होंने कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगी एवं साझेदार एकजुट होकर एवं निर्णायक तरीके से इसका जवाब देंगे। दुनिया रूस की जवाबदेही तय करेगी।