Russia-Ukraine: जो बाइडन और व्लादिमीर पुतिन मुलाकात के लिए तैयार, फ्रांस के राष्ट्रपति की पहल से बनी बात
By विनीत कुमार | Updated: February 21, 2022 08:23 IST2022-02-21T08:02:51+5:302022-02-21T08:23:39+5:30
Russia-Ukraine crisis: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन मुद्दे पर एक-दूसरे से मुलाकात के लिए तैयार हो गए हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमेनुअल मैक्रों ने दोनों नेताओं से बात की थी।

Russia-Ukraine: जो बाइडन और व्लादिमीर पुतिन मुलाकात के लिए तैयार (फाइल फोटो)
पेरिस: रूस-यूक्रेन के जारी विवाद के बीच एक बार फिर जंग के टलने के आसार मिलने लगे हैं। ताजा अपडेट के अनुसार फ्रांस के राष्ट्रपति इमेनुअल मैक्रों के प्रस्ताव पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन मुलाकात के लिए तैयार हो गए हैं। इमेनुअल मैक्रों की पहल पर एक शिखर सम्मेलन को आयोजित किया जा सकता है, जिसमें यूरोप में सुरक्षा और सामरिक स्थिरता पर चर्चा होगी।
सामने आई जानकारी के अनुसार मैक्रों ने दिन में दो बार पुतिन से फोन पर बात की। साथ ही उन्होंने यूक्रेन के मुद्दे पर अमेरिकी राष्ट्रपति से भी बात की। फ्रांस के राष्ट्रपति निवास 'एलिसी पैलेस' की ओर से ये जानकारी दी गई। वहीं, व्हाइट हाउस की ओर से भी इसकी पुष्टि हुई है।
व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा, 'अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ 'सैद्धांतिक रूप से' मिलने के लिए सहमत हैं अगर आक्रमण नहीं किया जाता है।'
US President Joe Biden agrees to meet with Russian President Vladimir Putin 'in principle' if an invasion hasn't happened: Jen Psaki, Press Secretary, The White House#Ukrainepic.twitter.com/4gD7W013D9
— ANI (@ANI) February 21, 2022
फ्रांस के राष्ट्रपति की ओर से जारी बयान में भी कहा गया है कि बैठक केवल इस शर्त पर हो सकती है कि रूस यूक्रेन पर आक्रमण नहीं करे। इसमें कहा गया है कि फ्रांस के राष्ट्रपति मामले में सभी हितधारकों के साथ बात करेंगे। बयान में कहा गया है कि बैठक के लिए विषय अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव द्वारा गुरुवार को अपनी बैठक के दौरान तैयार किए जाएंगे।
यूक्रेन ने की है संघर्ष विराम की अपील
इससे पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति ने संघर्ष विराम की अपील की थी। वहीं, रूस ने रविवार को यूक्रेन की उत्तरी सीमाओं के पास सैन्य अभ्यास का विस्तार किया। इससे युद्ध का खतरा और बढ़ गया था। पूर्वी यूक्रेन में सैनिकों और रूस समर्थित अलगाववादियों के बीच लगातार दो दिन हुई गोलाबारी से भी चिंता बढ़ गई थी।
रूस और यूक्रेन के पड़ोसी बेलारूस के रक्षा मंत्री विक्टर ख्रेनिन ने भी रविवार को कहा है कि यूक्रेन को लेकर बढ़ते तनाव के कारण रूसी सैनिकों के साथ उनके देश का संयुक्त अभ्यास जारी रहेगा। पहले के कार्यक्रम के मुताबिक यह अभ्यास रविवार को खत्म होना था। यूक्रेन की उत्तरी सीमा बेलारूस से लगती है, जहां वाहनों से पहुंचने में तीन घंटे से भी कम का समय लगता है। रूसी सैनिकों की मौजूदगी से पश्चिमी देशों को आशंका है कि वे यूक्रेन की राजधानी कीव में घुस सकते हैं।