Ukrain Crises: पश्चिमी देशों पर रूस ने लगाया दुष्प्रचार अभियान का आरोप, जानें विदेश मंत्रालय ने क्या कहा
By मनाली रस्तोगी | Updated: February 12, 2022 14:36 IST2022-02-12T14:34:51+5:302022-02-12T14:36:00+5:30
रूस ने शुक्रवार को पश्चिमी देशों और मीडिया को यूक्रेन पर संभावित रूसी आक्रमण पर "बड़े पैमाने पर दुष्प्रचार अभियान" फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि वो "अपने स्वयं के आक्रामक कार्यों से ध्यान हटाने के लिए" ऐसा कर रहे थे।

Ukrain Crises: पश्चिमी देशों पर रूस ने लगाया दुष्प्रचार अभियान का आरोप, जानें विदेश मंत्रालय ने क्या कहा
मास्को: रूस ने यूक्रेन पर संभावित रूसी आक्रमण पर "बड़े पैमाने पर दुष्प्रचार अभियान" फैलाने का आरोप शुक्रवार को पश्चिमी देशों और मीडिया पर लगाया। इस दौरान रूस ने ये भी कहा कि वो "अपने स्वयं के आक्रामक कार्यों से ध्यान हटाने के लिए" ऐसा कर रहे थे। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, रूसी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार देर रात एक बयान में कहा, "2021 के अंत में और 2022 की शुरुआत में बड़े पैमाने पर ग्लोबल इनफार्मेशन स्पेस को मीडिया ट्रायल का सामना करना पड़ा, जिसका उद्देश्य विश्व समुदाय को यह विश्वास दिलाना है कि रूसी संघ यूक्रेन के क्षेत्र पर आक्रमण की तैयारी कर रहा है।"
बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने शुक्रवार को चेतावनी दी थी कि यूक्रेन पर जल्द ही रूसी हमला शुरू हो सकता है, जिसमें बम और मिसाइल भी शामिल हैं। सुलिवन ने सभी अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी थी कि वो अपनी सुरक्षा के लिए जितनी जल्दी हो सके यूक्रेन को छोड़ दें। इस दौरान सुलिवन ने अपने एक बयान में कहा था कि यह स्पष्ट नहीं है कि पुतिन ने यूक्रेन पर आक्रमण करने का फैसला किया है, लेकिन संभावना है कि रूस यहां सैन्य कार्रवाई करेगा।
मालूम हो, जेक सुलिवन से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने गुरुवार को यूक्रेन में रह रहे अमेरिकी नागरिकों से अपील की थी कि वो जितनी जल्दी हो सके यूक्रेन को छोड़ दें। राष्ट्रपति ने कहा था कि यूक्रेन में हालात बहुत अलग हैं, जिसकी वजह से यहां चीजें तेजी से बदल सकती हैं। NBC को दिए इंटरव्यू में राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा था कि अमेरिकी नागरिकों को अब यूक्रेन से चले आना चाहिए।