213 करोड़ में बिका दुर्लभ पिंक-पर्पल हीरा 'द सकूरा', तोड़ा पिछला रिकॉर्ड
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 25, 2021 21:07 IST2021-05-25T21:02:32+5:302021-05-25T21:07:39+5:30
हांगकांग में सकूरा नाम के दुर्लभ पर्पल-पिंक हीरे को नीलाम किया गया। क्रिस्टीज ज्वैलरी डिपार्टमेंट की ओर से आयोजित नीलामी में इस हीरे को करीब 213 करोड़ में खरीदा गया।

सबसे बड़ा पर्पल-पिंक हीरा द सकूरा
दुनिया में हीरे की चमक हर किसी को प्रभावित करती है और इसके शौकीन पसंदीदा चीज मिले तो फिर पैसे की बिलकुल परवाह नहीं करते। हांगकांग में द सकूरा नाम के दुर्लभ पर्पल-पिंक हीरे को नीलाम किया गया। क्रिस्टीज ज्वैलरी डिपार्टमेंट की ओर से आयोजित नीलामी में इस हीरे को करीब 213 करोड़ में खरीदा गया। इसकी खास बात है कि यह सबसे बड़ा पर्पल-पिंक हीरा है।
इस हीरे का वजन 15.18 कैरेट का है। इस हीरे को प्लेटिनम और सोने की अंगूठी में जड़कर नीलाम किया गया। ज्वैलरी डिपार्टमेंट के विकी सेक ने बताया कि नीलामी के दौरान यह हीरा हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रहा था।
सकूरा ने तोड़ा पिछला रिकॉर्ड
एक साल पहले 14.8 कैरेट के पर्पल हीरे द स्पिरिट ऑफ रोज की नीलामी की गई थी। जिसमें इस हीरे को 196 करोड़ में बेचा गया। द सकूरा वजन और कीमत दोनों में ही उस पर भारी पड़ा और स्पिरिट ऑफ रोज का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
इसलिए दुर्लभ है यह हीरा
द सकूरा के लिए सबसे अधिक बोली एक एशियाई ग्राहक ने लगाई। हालांकि वह कौन है इस बारे में जानकारी नहीं दी गई है। ज्वैलरी डिपोर्टमेंट के विकी सेक के मुताबिक, इस तरह के हीरे में बहुत अधिक दाने होते हैं, जो इसे और भी दुर्लभ बना देते हैं।