ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का 99 वर्ष की उम्र में निधन

By भाषा | Updated: April 9, 2021 23:04 IST2021-04-09T23:04:07+5:302021-04-09T23:04:07+5:30

Prince Philip, husband of Queen Elizabeth II of Britain, dies at the age of 99 | ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का 99 वर्ष की उम्र में निधन

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का 99 वर्ष की उम्र में निधन

(अदिति खन्ना)

लंदन, नौ अप्रैल ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 99 वर्ष के थे। बकिंघम पैलेस ने यह जानकारी दी। इसके साथ ही देश में शोक की अवधि शुरू हो गयी।

महारानी (94) की ओर से जारी एक बयान में राजमहल ने कहा कि प्रिंस फिलिप का शुक्रवार को सुबह विंडसर कैसल में निधन हो गया।

बयान में कहा गया है, ‘‘गहरे दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि महारानी के पति प्रिंस फिलिप- ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग का निधन हो गया है। उन्होंने आज सुबह विंडसर कैसल में अंतिम सांस ली।’’

बयान में कहा गया है, ‘‘शोक की इस घड़ी में शाही परिवार के साथ दुनिया भर के लोग संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। इस संबंध में अगली घोषणाएं आगे की जाएंगी।’’

प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह चर्चा में आने के पहले से ही पर्यावरणविद् और प्राकृतिक दुनिया की वकालत करने वालों में से थे। उन्होंने कहा, ‘‘सबसे अधिक हम सब ड्यूक को महारानी को दृढ़ समर्थन देने के लिए याद करेंगे... न केवल उनके शासनकाल के दौरान, बल्कि उनके पति के रूप में, उनकी ताकत के रूप में, 70 से अधिक वर्षों तक...।’’

जॉनसन ने कहा कि प्रिंस फिलिप को "ब्रिटेन में, राष्ट्रमंडल और विश्व भर में कई पीढ़ियों का स्नेह मिला।’’

उन्होंने कहा कि प्रिंस फिलिप एक कुशल गाड़ी चालक की तरह थे जिन्होंने शाही परिवार और राजशाही को आगे बढ़ाने में मदद की जिससे यह हमारे राष्ट्रीय जीवन में खुशी और संतुलन के लिए निर्विवाद रूप से एक महत्वपूर्ण संस्था बनी रही है।

ब्रिटेन की संसद में प्रिंस फिलिप को सोमवार को श्रद्धांजलि दी जाएगी जब ईस्टर के अवकाश के बाद बैठकें फिर शुरू होंगी। अगले महीने होने वाले स्थानीय चुनावों के लिए प्रचार अभियान को स्थगित कर दिया गया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रिंस फिलिप के निधन पर शोक व्यक्त किया और सेना में उनके उल्लेखनीय करियर के साथ ही सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में उनकी अग्रणी भूमिका की सराहना की।

मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग प्रिंस फिलिप के निधन पर मेरी संवेदनाएं ब्रिटेन की जनता और वहां के शाही परिवार के साथ है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सेना में उनका एक उल्लेखनीय करियर रहा और सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई।’’

दुनिया भर के कई अन्य नेताओं ने भी प्रिंस फिलिप के निधन पर शोक जताया है।

दस जून को प्रिंस फिलिप का 100 वां जन्मदिन होता। पिछले दिनों उन्हें करीब एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था, जहां हृदय संबंधी बीमारी को लेकर उनका इलाज किया गया था।

वर्ष 2011 में, प्रिंस फिलिप को उस समय सैंड्रिंघम से हेलीकॉप्टर से अस्पताल ले जाया गया था जब उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की थी। शाही परिवार उस समय क्रिसमस की तैयारियों में जुटा था। उस समय उनकी धमनियों में रूकावट का इलाज किया गया था और एक स्टेंट लगाया गया था।

फिलिप को ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग भी कहा जाता था। उनकी 1947 में एलिजाबेथ से शादी हुयी थी। प्रिंस ने 1947 में एलिजाबेथ से शादी की थी और उसके पांच साल बाद एलिजाबेथ महारानी बनी थीं। शाही दंपत्ति के चार बच्चे- प्रिंस चार्ल्स, प्रिंसेस ऐनी, प्रिंस एंड्रयू और प्रिंस एडवर्ड और आठ पोते-पोतियां तथा 10 पडपोते-पड़पोतियां हैं।

उन्होंने 2017 में सार्वजनिक जीवन से संन्यास ले लिया था।

प्रिंस फिलिप के शुक्रवार को निधन पर ब्रिटेन में शोक की लहर व्याप्त हो गई। उनके निधन की घोषणा के बाद, लंदन में शाही निवास बकिंघम पैलेस में ध्वज को आधा झुका दिया गया। वहीं, शाही परिवार की वेबसाइट पर प्रिंस की एक श्वेत-श्याम तस्वीर लगायी गयी।

एक बयान में कहा गया है कि कोविड​​-19 महामारी के कारण उत्पन्न मौजूदा परिस्थितियों के मद्देनजर अंतिम संस्कार के कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। बयान में आम लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे अंतिम संस्कार से संबंधित किसी भी कार्यक्रम में शामिल होने का प्रयास नहीं करें।

अंतिम संस्कार से पहले ड्यूक के पार्थिव शरीर को विंडसर कैसल में रखा जाएगा। बकिंघम पैलेस ने अभी अंतिम संस्कार की तारीख और विवरण की जानकारी नहीं दी है। इस बीच आम लोग दोनों शाही आवासों पर दिवंगत ड्यूक के सम्मान में पुष्पांजलि अर्पित कर रहे हैं।

कॉलेज ऑफ आर्म्स ने एक बयान में पुष्टि की कि अंतिम संस्कार विंडसर कैसल के सेंट जार्ज चर्च में होगा।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Prince Philip, husband of Queen Elizabeth II of Britain, dies at the age of 99

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे