दक्षिण अफ्रीका से उड़ानें रद्द होने पर यात्री फंसे

By भाषा | Updated: November 27, 2021 18:59 IST2021-11-27T18:59:40+5:302021-11-27T18:59:40+5:30

Passengers stranded on cancellation of flights from South Africa | दक्षिण अफ्रीका से उड़ानें रद्द होने पर यात्री फंसे

दक्षिण अफ्रीका से उड़ानें रद्द होने पर यात्री फंसे

जोहानिस्बर्ग, 27 नवंबर पारिवारिक और व्यावसायिक यात्राओं पर दक्षिण अफ्रीका आए सैंकड़ों विदेशी नागरिक फंस गए हैं क्योंकि देश में कोविड-19 के नए स्वरूप ‘ओमीक्रोन’ के सामने आने के बाद कई देशों ने यात्रा प्रतिबंध लागू कर दिये हैं।

ब्रिटेन ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि दक्षिण अफ्रीका और पांच पड़ोसी देशों से आने-जाने वाली सभी उड़ानें शुक्रवार दोपहर से प्रतिबंधित रहेंगी। देश ने वायरस के नए स्वरूप के सामने आने के बाद यह घोषणा की।

कई अन्य देशों ने भी इस तरह के कदम उठाए और यह संकेत दिया कि सिर्फ उनके अपने नागरिक ही वापस लौट पाएंगे और वे भी पृथकवास में रहेंगे। नयी दिल्ली में केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से दक्षिण अफ्रीका से सीधे या दक्षिण अफ्रीका, हांगकांग और बोत्सवाना से होकर आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की कड़ाई से जांच के आदेश दिए हैं।

यात्रा प्रतिबंध पर प्रतिक्रिया देते हुए दक्षिण अफ्रीका के स्वास्थ्य मंत्री जो फाहला ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका पर यात्रा प्रतिबंध इस समय ‘अनुचित’ है।

न्यूज24 ने फाहला को यह कहते हुए उद्धृत किया, ‘‘ मैं दक्षिण अफ्रीका के लोगों और दुनिया के लोगों को बताना चाहता हूं कि कुछ प्रतिक्रिया अनुचित हैं। मैं खास तौर पर यूरोप के देशों, ब्रिटेन और कई अन्य देशों की प्रतिक्रियाओं के बारे में यह कह रहा हूं। मुझे यह बताया गया है कि यूरोपीय आयोग के देश भी इस तरह की प्रतिक्रिया पर विचार कर रहे हैं।’’

शुक्रवार को सरकार के आदेश के अनुसार विमानन कंपनियां भारत और दक्षिण अफ्रीका, हांगकांग और बोत्सवाना के बीच 15 दिसंबर से 50 फीसदी क्षमता के साथ परिचालन कर सकती हैं। भारत का दक्षिण अफ्रीका, हांगकांग और बोत्सवाना के बीच ‘एयर बबल’ यात्रा व्यवस्था उपलब्ध नहीं है, जिसके तहत विशेष यात्री विमानों का परिचालन किया जाता है। वहीं इन तीनों देशों को भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय ने ‘खतरे’ वाले देश की श्रेणी में रखा है।

ब्रिटेन के पर्यटक नए प्रतिबंध की वजह से विशेष प्रभावित हुए हैं क्योंकि वहां से बड़ी संख्या में लोग पर्यटन या पारिवारिक संबंधों के लिहाज से दक्षिण अफ्रीका आते हैं। जोआना जॉनसन ने नम आंखों से कहा, ‘‘ मुझे क्रिसमस के मौके पर अपने परिवार के साथ रहने के लिए घर जाना है लेकिन ऐसा लगता है कि मैं अब अपने दोस्तों के साथ फंस गई हूं।’’

वहीं, हवाई अड्डे पर भारतीय मूल के एक व्यक्ति अब्दुल पटेल ने कहा कि वह सोमवार को दुबई के रास्ते मुंबई लौटने वाले थे लेकिन अब वह उपलब्ध किसी उड़ान में टिकट चाहते हैं। एक एयरलाइन के कर्मचारी ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर बताया कि सप्ताहांत में दबाव और भी बढ़ने वाला है क्योंकि कई और देशों ने उड़ानें रद्द कर दी हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Passengers stranded on cancellation of flights from South Africa

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे