मोदी ने यूरोपीय आयोग और यूरोपीय परिषद के अध्यक्षों से ‘सार्थक बातचीत’ की

By भाषा | Updated: October 29, 2021 19:02 IST2021-10-29T19:02:54+5:302021-10-29T19:02:54+5:30

Modi had 'meaningful talks' with the Presidents of the European Commission and the European Council | मोदी ने यूरोपीय आयोग और यूरोपीय परिषद के अध्यक्षों से ‘सार्थक बातचीत’ की

मोदी ने यूरोपीय आयोग और यूरोपीय परिषद के अध्यक्षों से ‘सार्थक बातचीत’ की

(इंट्रो, तीसरे और चौथे पैरा में सुधार के साथ)

रोम, 29 अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ यहां शुक्रवार को संयुक्त बैठक की और पृथ्वी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आर्थिक तथा लोगों के बीच परस्पर रिश्तों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री मोदी की जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए यहां पहुंचने के बाद यह पहली आधिकारिक बैठक है। शिखर सम्मेलन में वह कोरोना वायरस महामारी से प्रभावित वैश्विक अर्थव्यवस्था और स्वास्थ्य क्षेत्र को पटरी पर लाने, सतत विकास और जलवायु परिवर्तन पर अन्य नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष वॉन डेर लेयेन के साथ सार्थक बातचीत के साथ रोम में आधिकारिक कार्यक्रम शुरू हुए। नेताओं ने पृथ्वी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आर्थिक और लोगों के बीच परस्पर रिश्तों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।’’

पंद्रहवीं भारत-यूरोपीय संघ शिखर वार्ता वर्चुअल तरीके से जुलाई 2020 में हुई थी और इसमें प्रधानमंत्री मोदी, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष मिशेल और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष लेयेन ने भाग लिया था। साल 2020 में भारत यूरोपीय संघ का 10वां सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार था। भारत-यूरोपीय संघ के बीच वस्तु में द्विपक्षीय व्यापार 2020 में 65.30 अरब यूरो था।

भारत-यूरोपीय संघ के बीच द्विपक्षीय रिश्ते 1960 की शुरुआत से ही चले आ रहे हैं। भारत 1962 में यूरोपीय आर्थिक समुदाय के साथ राजनयिक संबंध स्थापित करने वाले पहले देशों में से एक था। भारत-यूरोपीय संघ के बीच पहली शिखर वार्ता लिस्बन में 28 जून 2000 को हुई थी और यह दोनों के बीच संबंधों के विकास में ऐतिहासिक घटना रही। दोनों के बीच संबंध द हेग में 2004 में हुए पांचवें भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन के दौरान ‘‘सामरिक साझेदारी’’ तक पहुंच गए।

यूरोपीय संघ एक राजनीतिक और आर्थिक समूह है, जिसके 27 सदस्यीय देश मुख्यत: यूरोप के हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Modi had 'meaningful talks' with the Presidents of the European Commission and the European Council

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे