लेबनान की राजधानी बेरूत में मंगलवार को हुए तेज धमाकों को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। लेबनान के प्रधानमंत्री हसन दिएब ने कहा पोर्ट पर 2750 टन अमोनियम नाइट्रेट विस्फोट की वजह से ये हादसा हुआ है। इस धमाके में अब तक मिली जानकारी के अनुसार 78 लोगों की मौत हो गई है जबकि 4000 से ज्यादा घायल हुए हैं। इस संख्या में और इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है।
इससे पहले मंगलवार को अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के कई घंटे बाद भी एंबुलेंस घायलों को अस्पताल पहुंचा रही थी। वहीं पोर्ट पर आग बुझाने में सेना के हेलीकॉप्टर की भी मदद ली गई।
लेबनान के सामान्य सुरक्षा के प्रमुख अब्बास इब्राहिम ने कहा कि हो सकता है कि धमाका अत्यधिक विस्फोटक सामग्री से हुआ हो, जिसे कुछ समय पहले एक जहाज से जब्त किया गया था और बंदरगाह पर रखा गया था।
बता दें कि ये धमाके इतने जोरदार थे कि शहर की कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। इस विस्फोट से आग लग गई, कारें पलट गईं और खिड़कियों और दरवाजें के शीशे टूट गए।
सोशल मीडिया पर शेयर हुए बता रहे हैं कि ये धमाके कितने भयानक थे। शहर के कई इलाकों में कांच टूटे पड़े हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस पोर्ट के पास एक धमाका हुआ, वहां वेयरहाउस भी है। कई मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस तरह के दो धमाके हुए हैं। एक पोर्ट इलाके में और एक शहर के अंदर हुआ है।