तोक्यो में कोविड-19 रोधी उपायों को तेज करेगा जापान
By भाषा | Updated: April 9, 2021 11:51 IST2021-04-09T11:51:26+5:302021-04-09T11:51:26+5:30

तोक्यो में कोविड-19 रोधी उपायों को तेज करेगा जापान
तोक्यो, नौ अप्रैल (एपी) जापान की राजधानी तोक्यो में ओलंपिक खेल शुरू होने से महज तीन महीने पहले तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों पर लगाम लगाने के लिए शुक्रवार को देश में वायरस से बचाव संबंधी उपायों को और तेज करने की घोषणा हो सकती है।
एक सरकारी समिति के विशेषज्ञों ने आपात कदमों को प्रारंभिक मंजूरी दे दी है जिसमें तोक्यो, पश्चिम जापान में क्योतो और ओकीनावा में सख्ती बढ़ाना शामिल है। प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा शुक्रवार को इन कदमों का ऐलान कर सकते हैं जो सोमवार से लागू होंगे और मई की शुरुआत तक जारी रहेंगे।
सुगा सरकार की कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए खास काम न करने के लिए आलोचना की जा रही है।
तोक्यो की गवर्नर युरिको कोइके ने कहा कि वह संक्रमण के मामले बढ़ने और कोरोना वायरस की नयी लहर को लेकर चिंतित हैं। कोइके ने बृस्पतिवार को लोगों से अपील की कि वे गैर जरूरी यात्रा न करें, सामाजिक दूरी तथा अन्य आवश्यक नियमों का पालन करें। वह बार तथा रेस्तरा को रात आठ बजे तक बंद करने का आदेश भी जारी कर सकती हैं।
जापान में टीकाकरण अभियान अभी शुरुआती चरण में है और कुल आबादी के एक प्रतिशत से भी कम लोगों ने अभी टीके की पहली खुराक ली है। कोविड-19 के मामले बढ़ने के कारण ओलंपिक खेल से संबंधित कार्यक्रम रद्द किए जा सकते हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।