जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे को गोली मारी गई, भाषण के दौरान हमलावर ने की फायरिंग

By विनीत कुमार | Updated: July 8, 2022 09:08 IST2022-07-08T08:36:35+5:302022-07-08T09:08:22+5:30

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को गोली लगी है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शिंजो आबे को गोली उस समय मारी गई जब वे नारा शहर में एक कार्यक्रम में भाषण दे रहे थे।

Japan Former Prime Minister Shinzo Abe has been shot in the city of Nara says media reports | जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे को गोली मारी गई, भाषण के दौरान हमलावर ने की फायरिंग

शिंजो आबे को गोली मारे जाने की खबर (फाइल फोटो)

Highlightsशिंजे आबे को सड़क पर भाषण के दौरान मारी गई गोली।कई स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्हें पीछे से हमलावर ने गोली मारी।रिपोर्ट्स के अनुसार शिंजे आबे अस्पताल में अचेत अवस्था में हैं, एक संदिग्ध आरोपी पकड़ा गया है।

टोक्यो: जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को गोली मारे जाने की खबर है। जपान के एनएचके वर्ल्ड न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार नारा शहर में ये घटना हुई। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार घटना के बाद एक संदिग्ध को भी पकड़ा गया है। पकड़ा गया संदिग्ध पुरुष है। बताया जा रहा है कि गोली लगने के बाद आबे अचेत हैं। 

जापान के NHK वर्ल्ड न्यूज की ओर से बताया गया कि पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पश्चिमी जापान के नारा शहर में एक भाषण के दौरान गिर पड़े। शुरुआती खबरों में कहा गया है कि वह घायल हैं। घटना वाली जगह पर एक NHK रिपोर्टर ने कुछ ऐसा सुना जो बंदूक की गोली की तरह लगा और उसने आबे के शरीर से खून बहते देखा। रिपोर्टर के मुताबिक उसने गोली चलने जैसी दो आवाजें सुनी।


वहीं, द जापान टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि शुक्रवार को नारा की एक सड़क पर भाषण देने के दौरान शिंजो आबे पर पीछे से एक शख्स ने हमला कर दिया। पुलिस ने आबे पर हमला करने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया है। यह सबकुछ स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब 11.30 बजे हुआ।

शिंजो आबे होश में नहीं: स्थानीय मीडिया रिपोर्ट

द जापान टाइम्स के मुताबिक नारा में गोली लगने के बाद शिंजो आबे अचेत हैं। आबे की उम्र 67 साल है। वहीं, सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी ने जिजि न्यूज एजेंसी को बताया कि आबे की गर्दन से खून निकल रहा था। फिलहाल स्थानीय पुलिस की ओर से मामले पर कोई बयान नहीं आया है। 

बता दें कि आबे जपान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे हैं। वे सबसे पहले साल 2006 में एक साल के लिए प्रधानमंत्री बने थे। इसके बाद 2012 से 2020 तक वे जापान के प्रधानमंत्री रहे।

Web Title: Japan Former Prime Minister Shinzo Abe has been shot in the city of Nara says media reports

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे