जापान में 7.3 की तीव्रता वाला तेज भूकंप, सुनामी की चेतावनी, करीब 20 लाख घरों की बिजली गुल
By विनीत कुमार | Updated: March 16, 2022 22:00 IST2022-03-16T20:42:28+5:302022-03-16T22:00:25+5:30
उत्तरी जापान में फुकुशिमा के तट पर बुधवार शाम को 7.3 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके चलते सुनामी की चेतावनी जारी की गई।

जापान में तेज भूकंप के झटके (फाइल फोटो)
टोक्यो: उत्तरी जापान में बुधवार को जोरदार भूकंप महसूस किया गया। इसके बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.3 मापी गई। भूकंप का केंद्र टोक्यो से 297 किलोमीटर उत्तर पूर्व (पूर्वोत्तर) में फुकुशिमा के क्षेत्र हैं। भूकंप स्थानीय समय के अनुसार रात 11.36 बजे आया और सतह से 60 किमी की गहराई पर था।
यह क्षेत्र उत्तरी जापान का वह हिस्सा है जो 11 साल पहले एक घातक 9.0 की तीव्रता वाले भूकंप और सुनामी से तबाह हो गया था। इसमें परमाणु संयंत्र को भी नुकसान पहुंचा था। भूकंप के कारण परमाणु आपदा भी आई थी।
बहरहाल, जापान मौसम विज्ञान की एजेंसी ने मियागी और फुकुशिमा प्रान्तों के कुछ हिस्सों में एक मीटर (3-फुट) तक समुद्री पानी का उछाल लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया है। वहीं जापान के राष्ट्रीय टेलीविजन एनएचके ने कहा कि संभव है कि सुनामी पहले ही कुछ क्षेत्रों में पहुंच गया है। भूकंप से जानमाल को हुए नुकसान के बारे में कोई सूचना नहीं मिली है।
जापान के 20 लाख घरों में बिजली गुल
न्यूज एजेंसी एफपी ने टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी के हवाले से बताया है कि तेज भूकंप के बाद जापान में करीब 20 लाख घरों में बत्ती गुल हो गई है।
Around 2 million homes lose power after an earthquake in Japan, reports AFP quoting Tokyo Electric Power Company
— ANI (@ANI) March 16, 2022
इधर भारत में केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में भी बुधवार को 5.2 तीव्रता का भूकंप आया लेकिन इसमें जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि शाम सात बजकर पांच मिनट पर भूकंप आया और कुछ सेकंड तक झटके महसूस किये गए। अधिकारी ने कहा कि भूकंप का केंद्र 36.01 डिग्री उत्तर अक्षांश और 75.18 डिग्री पूर्व देशांतर में जमीन के नीचे 110 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।