5800 गायों के साथ समुद्र में लापता जहाज का अब तक नहीं चल सका है पता, फिर शुरू हुआ खोज अभियान
By भाषा | Updated: September 8, 2020 12:45 IST2020-09-08T12:45:46+5:302020-09-08T12:45:46+5:30
गल्फ लाइवस्टॉक-1नाम का जहाज दो सितंबर से लापता है। इसमें कुल 43 सदस्य सवार थे। साथ ही 5800 गायों भी इसमें मौजूद थीं। इस जहाज की ओर से संकट संदेश भी भेजा गया था।

5800 गायों के साथ जहाज लापता (प्रतीकात्मक तस्वीर)
तोक्यो:जापान के दक्षिणी द्वीप में लापता पोत एवं इसके चालक दल के 40 लापता सदस्यों की तलाश जापानी तट रक्षक बल की नौकाओं ने मंगलवार को एक बार फिर से शुरू किया। तूफान की वजह ये बचाव अभियान रोक दिया गया था।
‘गल्फ लाइवस्टॉक 1’ जहाज ने दो सितम्बर तड़के संकट संदेश भेजा था। 11,947 टन वजन वाला यह जहाज चालक दल के 43 सदस्यों और 5,800 गायों को लेकर पूर्वी चीन सागर में अमामी ओशिमा के तट के नजदीक से गुजर रहा था।
जापान में आए दूसरे तूफान के बचाव अभियान बाधित करने से पहले चालक दल के दो सदस्यों को बचा लिया गया था और एक अन्य सदस्य का शव बरामद हुआ था। चालक दल के 40 अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। विमान के जरिए तलाश करने की प्रक्रिया सोमवार को शुरू कर दी गई थी। तटरक्षक बल के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को लहरे शांत होने पर दो गश्त नौकाएं दोबारा समुद्र में उतरीं।
लापता जहाज पर चालक दल के 43 सदस्य सवार थे और इसके लापता होने से पहले खराब मौसम के बीच जहाज ने संकट में होने का संदेश भेजा था।
इससे पहले तट रक्षक अधकिारियों ने बताया कि तट रक्षकों ने बुधवार की देर रात चालक दल के एक सदस्य को पानी में से बचा लिया था। उन्होंने बताया कि फिलीपीन का रहने वाला चालक दल का यह सदस्य चलने में सक्षम है और उसका स्वास्थ्य ठीक है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले जापानी नौसेना के पी—3सी निगरानी विमान ने पाया कि जीवन रक्षक जैकेट पहने एक व्यक्ति पानी में बचने की मशक्कत कर रहा है। जहाज में सवार चालक दल के अन्य सदस्यों में 38 फिलीपीन के, दो न्यूजीलैंड के और एक ऑस्ट्रेलिया का नागरिक है।