Islamic State group: कांगो में 16 ग्रामीणों की मौत, 20 का अपहरण और नाइजीरिया में विवि छात्रों के वाहन पर हमला, 20 का अपहरण
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: August 17, 2024 11:06 IST2024-08-17T11:05:29+5:302024-08-17T11:06:34+5:30
Islamic State group: स्थानीय मीडिया ने बताया कि अपहृत किए गए लोगों में एक स्थानीय सरकारी अधिकारी गिल्बर्ट शिवमवेंदा की मां और बहन भी शामिल हैं।

सांकेतिक फोटो
Islamic State group: उत्तर-पूर्वी कांगो में इस्लामिक स्टेट समूह से संबद्ध आतंकवादियों के हमलों में कम से कम 16 ग्रामीणों की मौत हो गई और 20 अन्य का अपहरण कर लिया गया। एक स्थानीय नागरिक समाज समूह ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। ‘न्यू सिविल सोसायटी ऑफ कांगो’ के समन्वयक जॉन वुल्वेरियो ने बताया कि ‘एलीड डेमोक्रेटिक फोर्सेज’ के हमलावरों ने इटुरी प्रांत के मम्बासा क्षेत्र में बुधवार और शुक्रवार के बीच स्थानीय लोगों पर उस समय हमले किए, जब वे अपने खेतों में काम कर रहे थे। उन्होंने बताया, ‘‘मृतकों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं है, क्योंकि जो 20 अन्य लोग अपहृत किए गए हैं।
उनकी कोई जानकारी नहीं है।’’ स्थानीय मीडिया ने बताया कि अपहृत किए गए लोगों में एक स्थानीय सरकारी अधिकारी गिल्बर्ट शिवमवेंदा की मां और बहन भी शामिल हैं। कांगो के कई गांवों को सत्ता और मूल्यवान खनिज संसाधनों के लिए लड़ने वाले स्थानीय विद्रोहियों या चरमपंथी विचारधारा वाले आतंकवादी समूहों ने घेर लिया है।
नाइजीरिया में बंदूकधारियों ने 20 छात्रों का अपहरण किया
नाइजीरिया के उत्तर-मध्य क्षेत्र में बंदूकधारियों ने एक विश्वविद्यालय के छात्रों के वाहनों पर घात लगाकर हमला कर कम से कम 20 छात्रों का अपहरण कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बेन्यू राज्य पुलिस प्रवक्ता कैथरीन एनेन ने बताया कि छात्र जब मेडिकल छात्रों के एक सम्मेलन में शामिल होने के लिए दक्षिण की ओर जा रहे थे, तभी बृहस्पतिवार शाम को बेन्यू में उन पर घात लगाकर हमला किया गया। यह हमला बेनुए ओटुकपो मार्ग पर हुआ, जहां अपहरण की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं।
उत्तरी नाइजीरिया के कुछ हिस्सों में अपहरण की इस तरह की घटनाएं आम हैं। दर्जनों सशस्त्र समूह सीमित सुरक्षा व्यवस्था का फायदा उठाकर गांवों और प्रमुख सड़कों पर हमले करते हैं। अधिकतर पीड़ितों को फिरौती की रकम चुकाने के बाद ही छोड़ा जाता है। इन हमलों की वजह से कई लोगों ने सड़क मार्ग से यात्रा करना छोड़ दिया है।
बेन्यू में जिन छात्रों का अपहरण किया गया, वे उत्तरी नाइजीरिया के मैदुगुरी विश्वविद्यालय और जोस विश्वविद्यालय के थे। इन विश्वविद्यालयों के छात्र समूहों ने हमलों की निंदा की और अधिकारियों से अपहृत यात्रियों की रिहाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किस समूह ने किया और बंधकों को कहां ले जाया गया। बचाव प्रयासों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।