इंडोनेशिया की नौसेना को लापता पनडुब्बी के कुछ अवशेष मिले, डूबने की आशंका

By भाषा | Updated: April 24, 2021 18:22 IST2021-04-24T18:22:36+5:302021-04-24T18:22:36+5:30

Indonesian navy found some remains of missing submarine, fear of sinking | इंडोनेशिया की नौसेना को लापता पनडुब्बी के कुछ अवशेष मिले, डूबने की आशंका

इंडोनेशिया की नौसेना को लापता पनडुब्बी के कुछ अवशेष मिले, डूबने की आशंका

बानयुवांगी (इंडोनेशिया), 24 अप्रैल (एपी) इंडोनेशिया की नौसेना ने शनिवार को कहा कि उसे लापता पनडुब्बी केआरआई नांगगला 402 के कुछ अवशेष मिले हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि वह डूबने के बाद टूट गई। साथ ही कहा कि उस पर सवार 53 लोगों के जिंदा बचने की उम्मीद नहीं हैं।

सेना प्रमुख हादी जाहजंतो ने कहा कि समुद्र के पानी पर तैरती तेल की परत (ऑइल स्लिक) और बाली प्रायद्वीप में उस स्थान के निकट पनडुब्बी का मलबा मिलना, जहां बुधवार को अंतिम बार उसकी लोकेशन पता चली थी, इस बात के स्पष्ट सबूत हैं कि पनडुब्बी डूब चुकी है। इंडोनेशिया में इससे पहले माना जा रहा था कि पनडुब्बी लापता हो गई है।

नौसेना प्रमुख युदो मारगोनो ने बाली में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''यदि धमाका हुआ तो पनडुब्बी के कई टुकड़े हो गए होते। लेकिन ऐसा लगता है कि जब पनडुब्बी 300, 400 या 500 मीटर नीचे डूब रही होगी तो इसमें कुछ जगहों पर धीरे-धीरे दरारें पड़नी शुरू हो गई होंगी। यदि धमाका हुआ होता तो सोनार में उसकी आवाज सुनाई देती।''

पनडुब्बी के गायब होने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।

इससे पहले नौसेना ने कहा था कि बिजली आपूर्ति ठप होने के चलते पनडुब्बी तत्काल वापस सतह पर वापस आने की प्रक्रिया को अंजाम देने में नाकाम रही होगी।

मारगोनो ने बाली में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''हमें जो विश्वसनीय सबूत मिले हैं, वे उस पनडुब्बी के माने जा रहे हैं। पहले हमें लगा था कि पनडुब्बी लापता हो गई है, लेकिन अब उसके डूबने की आशंका है।''

मारगोनो ने कहा कि इंडोनेशिया और अन्य देशों के खोजकर्ता तथ्यों का मूल्यांकन करेंगे। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई शव बरामद नहीं हुआ है।

इस बीच, अमेरिका का एक खोजी विमान पी-8 पोसीडोन शनिवार तड़के इंडोनेशिया पहुंचा। वह भी इंडोनेशिया के 20 जहाजों, सोनार से युक्त ऑस्ट्रेलियाई युद्धपोत और चार इंडोनेशियाई विमानों के साथ खोज अभियान में शामिल होगा।

इससे पहले अधिकारियों ने कहा कि शनिवार को सिंगापुर के जहाजों और रविवार को मलेशिया के जहाजों के भी इंडोनेशिया पहुंचने की उम्मीद है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Indonesian navy found some remains of missing submarine, fear of sinking

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे