लाइव न्यूज़ :

भारतवंशियों ने बाइडन, हैरिस के प्रशासन की शुरूआत का जश्न मनाया

By भाषा | Updated: January 21, 2021 17:51 IST

Open in App

(ललित के झा)

वाशिंगटन, 21 जनवरी राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के प्रशासन की शुरूआत होने का जश्न मना रहे भारतवंशियों ने इसे एक ‘ऐतिहासिक क्षण’ बताया है।

बाइडन ने बुधवार को राष्ट्रपति के रूप में जबकि कमला देवी हैरिस ने उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली।

हैरिस (56) ने देश की पहली महिला, पहली अश्वेत और पहली एशियाई अमेरिकी उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ लेकर इतिहास रच दिया। पूर्व सीनेटर ने बाइडन (78) से ठीक पहले शपथ ली थी।

इंडियाना के एक सामुदायिक नेता और उद्यमी गुरिंदर सिंह खालसा ने बुधवार को कहा, ‘‘कई कारणों से यह एक ऐतिहासिक क्षण है: हैरिस पहली अश्वेत और भारतीय विरासत वाली महिला हैं।’’

एक रिपब्लिकन, खालसा ने कहा कि नवंबर के राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की हार दुनियाभर में लोकलुभावन सरकारों के अंत की शुरुआत का संकेत देती है।

उन्होंने कहा, ‘‘लोकतंत्र कायम रहा। डोनाल्ड ट्रंप जैसे राष्ट्रपति का चुनाव करने से पहले अमेरिकी कई बार सोचेंगे। अमेरिकी कभी भी इस गलती को नहीं दोहराएंगे।’’

कैलिफोर्निया से भारतीय-अमेरिकी अजय जैन भूटोरिया ने कहा, ‘‘मैं राष्ट्रपति बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला देवी हैरिस के साथ अपने देश और दुनिया के वास्ते बहुत उत्साहित और आशान्वित हूं। मुझे चुनाव अभियान में राष्ट्रपति बाइडन के साथ समय बिताने का सम्मान मिला था।’’

उन्होंने कहा कि बाइडन एक ‘‘बेहतर और दयालु’’ इंसान हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बाइडन-हैरिस प्रशासन से अमेरिका फिर से एकजुट होगा और गंभीर चुनौतियों का सामना करेगा।

इको सिख के संस्थापक और धर्म एवं शिक्षा पर एक सिख परिषद के अध्यक्ष राजवंत सिंह ने बाइडन और हैरिस के प्रशासन की शुरूआत होने का स्वागत किया।

उन्होंने कहा, ‘‘ हमें खुशी है कि जो बाइडन अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति बन गए हैं। हमें पूरा विश्वास है कि वह राष्ट्र को एक साथ लाएंगे, एक ऐसा काम करेंगे जिसकी अमेरिका में महामारी के कारण पैदा हुई स्थिति में बहुत जरूरत है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतAssembly Elections 2026: किसे मिलेगी सत्ता? असम, केरल और पुडुचेरी में जनता लिख रही है भविष्य; 4 मई को खुलेगा किस्मत का पिटारा

विश्वUS-Iran Ceasefire: लेबनान हमले का पलटवार, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर बंद करेगा ईरान! भड़का अमेरिका

विश्वइस युद्धविराम के आखिर मायने क्या हैं...?

भारतराहुल सांकृत्यायन: घुमक्कड़ी ने जिन्हें महापंडित बनाया 

पूजा पाठRashifal 09 April 2026: लग्जरी आइटम खरीदने में पैसा होगा खर्च, इन 4 राशिवालों के सितारे बुलंद

विश्व अधिक खबरें

विश्वलेबनान में इजरायली हमला, 254 लोगों की मौत और 700 घायल, युद्धविराम के बावजूद अटैक जारी?

विश्वइजरायल ने किया अमेरिका के सीजफायर का समर्थन, मगर हिजबुल्लाह के खिलाफ जंग रहेगी जारी

विश्वझुके ट्रंप? अमेरिका के 2 हफ्तों के युद्धविराम को ईरान ने बताया ऐतिहासिक जीत, कही ये बात

विश्वइस ड्रोन और उस ड्रोन में कितना फर्क है...!

विश्वहोर्मुज जलडमरूमध्य खोलने पर सहमत ईरान?, 14 दिन बमबारी और हमले रोकने को तैयार राष्ट्रपति ट्रंप?, पाकिस्तान के पीएम शरीफ क्या बोले?