गांधी प्रतिमा को गिराने की भारतीय-अमेरिकी समूहों ने कड़ी निंदा की

By भाषा | Updated: January 31, 2021 22:16 IST2021-01-31T22:16:10+5:302021-01-31T22:16:10+5:30

Indian-American groups strongly condemned the demolition of Gandhi statue | गांधी प्रतिमा को गिराने की भारतीय-अमेरिकी समूहों ने कड़ी निंदा की

गांधी प्रतिमा को गिराने की भारतीय-अमेरिकी समूहों ने कड़ी निंदा की

(ललित के. झा)

वॉशिंगटन, 31 जनवरी कई भारतीय-अमेरिकी संगठनों ने अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में महात्मा गांधी की प्रतिमा को हिंसक तरीके से गिराने की रविवार को निंदा की और उम्मीद जताई कि इस निंदनीय कार्य में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

उत्तर कैलिफोर्निया के सिटी ऑफ डेविस के सेंट्रल पार्क में महात्मा गांधी की छह फुट लंबी 294 किलोग्राम वजनी कांसे की प्रतिमा को इस हफ्ते की शुरुआत में तोड़ दिया गया।

‘इंडियासपोरा’ ने एक बयान में कहा, ‘‘हम सिटी ऑफ डेविस से अपील करते हैं कि इस कृत्य के षड्यंत्रकारियों पर त्वरित कार्रवाई की जाए और शांति के इस दूत की प्रतिमा फिर से लगाई जाए।’’

इसने कहा, ‘‘यह इस मायने में महत्वपूर्ण है कि इतिहास के सबसे बड़े अहिंसक प्रदर्शनों के अगुवा की यह प्रतिमा थी और इसे इस तरीके से तोड़ दिया गया।’’

डेविस सिटी काउंसिल ने 2016 में महानगर के सेंट्रल पार्क में गांधी जी की प्रतिमा लगाने के लिए मंजूरी दी थी। इस प्रतिमा को भारत सरकार ने सिटी ऑफ डेविस को दिया था।

इंडियन नेशनल ओवरसीज कांग्रेस ने कहा, ‘‘हम सिटी ऑफ डेविस के आभारी हैं कि उसने औपचारिक जांच शुरू कर दी है और उम्मीद है कि इस भयावह कृत्य को अंजाम देने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक कड़ा दंड दिया जाएगा।’’

इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल ने कहा कि ‘‘इस कुकृत्य ने न केवल भारतीय अमेरिकी समुदाय की भावनाएं आहत की हैं बल्कि अमेरिका के लाखों लोगों की भावनाएं आहत की हैं जो महात्मा गांधी के शांति, न्याय के संघर्ष से प्रेरित होते हैं।’’

नयी दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि तोड़फोड़ की घटना अस्वीकार्य है और उम्मीद जताई कि षड्यंत्रकारियों को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Indian-American groups strongly condemned the demolition of Gandhi statue

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे