Gonda-Atlanta murder: अंधाधुंध गोलियां बरसा गोंडा के रहने वाले 58 वर्षीय कारोबारी श्रीराम सिंह की हत्या?, अटलांटा कृषि विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के पद पर रहे शामिल
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: November 21, 2024 18:13 IST2024-11-21T18:12:54+5:302024-11-21T18:13:57+5:30
Gonda-Atlanta murder: श्रीराम सिंह के बड़े बेटे अमित सिंह एफबीआई में इंजीनियर हैं जबकि छोटा बेटा अंकुर सिंह अमेरिका में कैंसर विशेषज्ञ हैं।

सांकेतिक फोटो
Gonda-Atlanta murder:उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के रहने वाले 58 वर्षीय डॉ. श्रीराम सिंह की बुधवार को जॉर्जिया की राजधानी अटलांटा में गोली मारकर हत्या कर दी गई। अमेरिका में करीब चार दशक से रह रहे भारतीय शिक्षाविद की हत्या ने उनके जन्मस्थान तुलसीपुर माझा गांव के लोगों को स्तब्ध कर दिया। तुलसीपुर माझा गांव के प्रधान लालजी सिंह ने बताया कि वह (श्रीराम सिंह) कार से अटलांटा में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे कि तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी कार पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। श्रीराम सिंह की हत्या की खबर उनके बेटे अमित सिंह ने दी।
लालजी सिंह ने बताया कि डॉ. सिंह 1990 में अमेरिका के अटलांटा कृषि विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के पद पर शामिल हुए थे। उन्होंने बताया कि श्रीराम सिंह ने हाल ही में अमेरिका में कुछ व्यवसाय शुरू किया था। गांव में रहने वाले डॉ. सिंह के छोटे भाई शिवाजी सिंह ने बताया कि उनके भाई ने अमेरिका जाने से पहले अयोध्या के कुमारगंज स्थित आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई की थी।
उन्होंने बताया कि वहां डॉक्टरेट की पढ़ाई पूरी करने के बाद श्रीराम सिंह अटलांटा कृषि विश्वविद्यालय में प्रोफेसर बन गए और तब से वह अपने परिवार के साथ अमेरिका में रह रहे थे। उनके भाई ने बताया कि श्रीराम सिंह के बड़े बेटे अमित सिंह एफबीआई में इंजीनियर हैं जबकि छोटा बेटा अंकुर सिंह अमेरिका में कैंसर विशेषज्ञ है।
शिवाजी सिंह के अनुसार, डॉ. सिंह ने अपने सामाजिक कौशल से अमेरिका में गहरी पैठ बनाई थी। लालजी सिंह ने बताया कि श्रीराम सिंह बहुत मिलनसार थे और जब भी यहां आते थे, सभी ग्रामीणों से मिलते थे। उन्होंने बताया कि श्रीराम सिंह आखिरी बार करीब दो साल पहले गांव आए थे और अगले वर्ष मार्च में फिर आने वाले थे। लालजी ने बताया, “गांव के लोग उनकी हत्या से दुखी हैं। उन्होंने सिंह के परिवार को सुरक्षा देने और हत्या की जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।”