France shooting: पेरिस में पुलिस ने किशोर को गोली मारी, लगातार तीसरे दिन प्रदर्शन जारी, 600 लोग अरेस्ट, झड़प में 200 पुलिस अधिकारी घायल

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: June 30, 2023 20:22 IST2023-06-30T20:16:02+5:302023-06-30T20:22:33+5:30

France shooting: पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछारें की। इस सिलसिले में 600 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है और प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प की घटनाओं में 200 पुलिस अधिकारी घायल हो गये।

France shooting Teen shot by police in Paris massive protests continue third consecutive day 600 people arrested and 200 police officers injured in clashes | France shooting: पेरिस में पुलिस ने किशोर को गोली मारी, लगातार तीसरे दिन प्रदर्शन जारी, 600 लोग अरेस्ट, झड़प में 200 पुलिस अधिकारी घायल

file photo

Highlightsयातायात जांच के दौरान 17 वर्षीय नाहेल की हत्या का वीडियो भी सामने आया है।घटना ने देश को झकझोर कर रख दिया है और लोग काफी आक्रोशित हैं। ऑबर्विलियर्स में एक बस डिपो को आग के हवाले कर दिया।

नैनटेरेः फ्रांस की राजधानी पेरिस में पुलिस द्वारा एक किशोर को गोली मारे जाने की घटना के बाद यहां लगातार तीसरे दिन लोगों ने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अवरोधक लगाकर सड़कों को अवरूद्ध कर दिया, आगजनी की और पुलिसकर्मियों पर पटाखे फेंके।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछारें की। इस सिलसिले में 600 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है और प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प की घटनाओं में 200 पुलिस अधिकारी घायल हो गये। गौरतलब है कि मंगलवार को यातायात जांच के दौरान 17 वर्षीय नाहेल की हत्या का वीडियो भी सामने आया है।

इस घटना ने देश को झकझोर कर रख दिया है और लोग काफी आक्रोशित हैं। इस घटना के बाद फ्रांस में हिंसक विरोध प्रदर्शन भड़क उठे और जगह-जगह आगजनी की घटनाएं हुईं तथा विरोध प्रदर्शन तीसरी रात भी जारी रहा। अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने उपनगर क्लिची-सूस-बोइस के सिटी हॉल में आग लगा दी और ऑबर्विलियर्स में एक बस डिपो को आग के हवाले कर दिया।

उन्होंने बताया कि पेरिस के कई इलाकों में लोगों के समूहों ने सुरक्षा बलों पर पटाखे फेंके। क्षेत्रीय अधिकारियों ने बताया कि शहर के 12वें प्रांत के पुलिस थाने पर हमला किया गया, जबकि रिवोली स्ट्रीट, लौवर संग्रहालय के निकट और मध्य पेरिस के सबसे बड़े शॉपिंग मॉल ‘फोरम डेस हॉलेस’ में कुछ दुकानें लूट ली गईं।

उन्होंने बताया कि कि भूमध्यसागरीय बंदरगाह शहर मार्सिले में, पुलिस ने शहर के मध्य में हिंसक समूहों को तितर-बितर करने की कोशिश की। पेरिस पुलिस मुख्यालय के अनुसार विरोध प्रदर्शनों को नियंत्रित करने लिए लगभग 40,000 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है।

गृह मंत्री ने कहा कि पुलिस ने हिंसा की घटनाओं के सिलसिले में 667 लोगों को हिरासत में लिया है। राष्ट्रीय पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, लगभग 200 पुलिस अधिकारी घायल हुए। इस बीच गृह मंत्री गेराल्ड डारमनिन ने शुक्रवार को हिंसा की घटनाओं की निंदा की। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पूरे फ्रांस में फैल रहे दंगों को रोकने के लिए माता-पिता से अपने किशोरवय बच्चों को घर पर रखने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया से हिंसा को बढ़ावा मिल रहा है। वरिष्ठ मंत्रियों के साथ दूसरी आपात बैठक के बाद, मैक्रों ने शुक्रवार को कहा कि सोशल मीडिया के जरिये हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं। नाहेल की मां मौनिया एम ने ‘फ्रांस 5’ टेलीविजन को बताया कि वह उस पुलिस अधिकारी से बहुत अधिक गुस्सा हैं।

जिसने उनके इकलौते बच्चे को मार डाला। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे बेटे को न्याय मिलना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक पुलिस अधिकारी अपनी बंदूक लेकर हमारे बच्चों पर गोली नहीं चला सकता, हमारे बच्चों की जान नहीं ले सकता।’’

Web Title: France shooting Teen shot by police in Paris massive protests continue third consecutive day 600 people arrested and 200 police officers injured in clashes

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे