विदेश सचिव श्रृंगला ने रूस के उप विदेश मंत्री के साथ की ‘‘सार्थक’’ बैठक

By भाषा | Updated: February 18, 2021 19:52 IST2021-02-18T19:52:47+5:302021-02-18T19:52:47+5:30

Foreign Secretary Shringla holds "meaningful" meeting with Russia's Deputy Foreign Minister | विदेश सचिव श्रृंगला ने रूस के उप विदेश मंत्री के साथ की ‘‘सार्थक’’ बैठक

विदेश सचिव श्रृंगला ने रूस के उप विदेश मंत्री के साथ की ‘‘सार्थक’’ बैठक

मॉस्को, 18 फरवरी विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने बृहस्पतिवार को रूस के उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव के साथ ‘‘सार्थक’’ बैठक की। इस दौरान दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की।

इस साल अपनी पहली विदेश यात्रा पर मंगलवार को मॉस्को पहुंचे श्रृंगला ने रयाबकोव को 2021 में ब्रिक्स की अध्यक्षता के दौरान भारत की प्राथमिकताओं से भी अवगत कराया।

मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृ्ंगला ने उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव के साथ ‘‘सार्थक’’ बैठक की। इस दौरान दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की।’’

पांच देशों-ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के संगठन ब्रिक्स की वर्ष 2021 की अध्यक्षता भारत के पास है। इससे पहले, भारत 2012 और 2016 में भी ब्रिक्स का अध्यक्ष रह चुका है।

श्रृंगला ने बुधवार को रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और उप विदेश मंत्री इगोर मोर्गुलोव के साथ ‘‘सार्थक’’ बैठकें की थीं। इस दौरान उन्होंने द्विपक्षीय मुद्दों तथा पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की थी। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय विशिष्ट भागीदारी को और मजबूत करने के तौर-तरीकों पर भी चर्चा की थी।

विदेश सचिव ने भारतीय दूतावास परिसर में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर आज पुष्पांजलि भी अर्पित की।

श्रृंगला ने इससे पूर्व आज, रूस के अग्रणी शिक्षाविदों तथा तेजी से बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य के मद्देनजर भारत-रूस भागीदारी से जुड़े रणनीतिक विचारकों के साथ वैचारिक आदान-प्रदान किया।

उन्होंने रूस के साथ भारत की घनिष्ठ एवं विश्वास आधारित भागीदारी की विशिष्ट प्रकृति को रेखांकित किया और आह्वान किया कि मजबूत समग्र द्विपक्षीय सहयोग के अनुरूप दोनों देशों के विचारकों तथा रणनीतिक मामलों के विश्लेषकों को व्यापक वैचारिक आदान-प्रदान करना चाहिए।

भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, ‘‘विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने हमारे मजबूत समग्र द्विपक्षीय सहयोग के अनुरूप भारत और रूस के विचारकों तथा रणनीतिक मामलों के विश्लेषकों के बीच व्यापक वैचारिक आदान-प्रदान का आह्वान किया।’’

दूतावास ने कहा, ‘‘विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने रूस के अग्रणी शिक्षाविदों तथा तेजी से बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य के मद्देनजर तथा भारत और रूस की भागीदारी से जुड़े रणनीतिक विचारकों के साथ विचारों का आदान-प्रदान किया। विदेश सचिव ने रूस के साथ हमारी घनिष्ठ और विश्वास आधारित भागीदारी की विशिष्ट प्रकृति को रेखांकित किया।’’

श्रृंगला ने रशियन डिप्लोमैटिक एकेडमी में बुधवार को कहा था, ‘‘मैंने रूसी विदेश मंत्रालय में, मोर्गुलोव के साथ शानदार बैठकें कीं, जहां हमने आगामी उच्चस्तरीय वार्ताओं सहित अपने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की।’’

उन्होंने रूसी विदेश मंत्री लावरोव के साथ अपनी मुलाकात में उन्हें विदेश मंत्री एस जयशंकर की ओर से शुभकामनाएं दीं।

श्रृंगला ने कहा, ‘‘मैंने अभी लावरोव से मुलाकात की और यह उन्हें सुनने का अवसर था। उन्होंने भारत-रूस संबंधों पर बात की, जो बहुत ही घनिष्ठ, विशिष्ट और रणनीतिक हैं, इसलिए ये उनके शब्द थे और मेरे लिए, उनके जैसी हस्ती को सुनना बहुत ही खास था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत और रूस के बीच विशेष एवं विशिष्ट रणनीतिक भागीदारी के महत्व का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह मॉस्को है, जिसे मैंने 2021 में अपनी पहली विदेश यात्रा के रूप में चुना।’’

श्रृंगला ने डिप्लोमैटिक एकेडमी के भावी राजनयिकों को संबोधित करते हुए कहा कि बहुध्रुवीय विश्व और बहुध्रुवीय एशिया भारत तथा रूस के बिना संभव नहीं है।

विदेश सचिव की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा भारत और रूस के बीच विशिष्ट रणनीतिक भागीदारी को गति प्रदान करेगी। यह इस साल होने वाल उच्चस्तरीय द्विपक्षीय यात्राओं के लिए आधार भी तैयार करेगी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Foreign Secretary Shringla holds "meaningful" meeting with Russia's Deputy Foreign Minister

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे