लाइव न्यूज़ :

फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप की सेवाएं कई घंटों तक ठप रहने के बाद बहाल, कम्पनी ने मांगी माफी

By भाषा | Updated: October 5, 2021 16:34 IST

Open in App

(ललित के. झा)

वाशिंगटन, पांच अक्टूबर फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप की सेवाएं करीब छह घंटे तक बंद रहने के बाद आखिरकार बहाल हुईं। इस दौरान विश्वभर में लाखों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा , जिसको लेकर फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग सहित कम्पनी के कई अधिकारियों ने माफी मांगी है।

फेसबुक के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया मंच सोमवार रात ठप पड़ गए थे।

कैलिफोर्निया स्थित कम्पनी ने सोमवार देर रात कहा, ‘‘ सेवाएं ठप होने का मूल कारण एक दोषपूर्ण ‘कॉन्फ़िगरेशन’ (विन्‍यास-व्‍यवस्‍था) परिवर्तन था। सेवाएं ठप पड़ने के कारण उपयोगकर्ताओं की जानकारी में सेंधमारी के कोई सबूत नहीं है।’’

फेसबुक के उपाध्यक्ष (इंफ्रास्ट्रक्चर) संतोष जनार्दन ने कहा, ‘‘ हमारी सेवाएं बहाल हो गई हैं और हम उसे पूर्ण रूप से पटरी पर लाने के लिए काम कर रहे हैं। हम पर निर्भर दुनियाभर के लोगों और व्यवसायों....आज सेवाएं ठप होने से आपको हुई परेशानी को लेकर हमें खेद है। हम अपनी सेवाओं को बहाल करने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे हैं और हमारी सेवाएं अब बहाल हो गई हैं। ’’

भारतीय-अमेरिकी अधिकारी ने एक बयान में कहा, ‘‘ हम प्रभावित सभी लोगों से क्षमा चाहते हैं और हम आज जो हुआ, उसके बारे में अधिक समझने के लिए काम कर रहे हैं ताकि हम अपने बुनियादी ढांचे को अधिक लचीला बनाना जारी रख सकें।’’

तीनों सेवाओं का स्वामित्व फेसबुक के पास है और वेब या स्मार्टफोन ऐप पर यह काम नहीं कर रही थीं। ‘आईफोन’ और ‘एंड्रॉइड’ दोनों पर व्हाट्सऐप उपयोगकर्ता फोन या वीडियो कॉल नहीं कर पा रहे थे और ना ही संदेश भेज या प्राप्त कर पा रहे थे।

इन तीनों सोशल मीडिया मंच के उपयोगकर्ता काफी समय तक परेशान रहे, क्योंकि उन्हें बार-बार ‘एरर’ (त्रुटि) के संदेश आ रहे थे। इसके परिणामस्वरूप सिलिकॉन वैली स्थित फर्म फेसबुक के शेयरों में लगभग पांच प्रतिशत की गिरावट भी आई।

इससे पहले, फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग ने भी सेवाएं बंद होने से प्रभावित हुए लोगों से माफी मांगी थी।

मार्क जुकरबर्ग ने फेसबुक पर लिखा, ‘‘ फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप और मैसेंजर की सेवाएं बहाल हो गई हैं। आज हुई असुविधा के लिए माफी चाहता हूं। मुझे पता है कि अपने प्रियजन से जुड़े रहने के लिए हमारी सेवाओं पर आप कितना निर्भर हैं।’’

वहीं, फेसबुक ने ट्विटर पर कहा था, ‘‘ दुनिया भर के लोगों और व्यवसायों के विशाल समुदाय जो हम पर निर्भर हैं.. उनके लिए हमें खेद है। हम अपनी ऐप और सेवाओं तक पहुंच बहाल करने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे हैं और यह जानकारी देकर खुशी हो रही है कि वे अब बहाल हो रही हैं। संयम रखने के लिए आप सभी का शुक्रिया।’’

फेसबुक के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी माइक श्रोफर ने ट्वीट किया, ‘‘फेसबुक संचालित सेवाओं के बंद होने से प्रभावित सभी लोगों से माफी मांगता हूं। हम नेटवर्किंग समस्याओं का सामना कर रहे हैं और टीमें इसे जल्द से जल्द ठीक करने और पुन: स्थापित करने के लिए काम कर रही हैं।’’

श्रोफर ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘फेसबुक सेवाएं अब बहाल हो गई हैं...पूरी तरह ठीक होने में थोड़ा समय लग सकता है। हम पर निर्भर हर छोटे और बड़े व्यवसाय, परिवार और हरेक व्यक्ति से....मैं माफी चाहता हूं।’’

व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम ने भी अपने उपयोगकर्ताओं को सेवाएं बंद होने की जानकारी ट्विटर पर ही दी थी।

‘द वॉल स्ट्रीट’ पत्रिका के अनुसार, सेवाएं बंद होने के कारण फेसबुक के आंतरिक संचार उपकरणों में भी व्यापक व्यवधान पैदा हुआ, जिसमें कुछ ‘वॉयस कॉल’ और ‘कैलेंडर अपॉइंटमेंट’ तथा अन्य कार्यों के लिए उपयोग किए जाने वाली ऐप शामिल हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

विश्वईरान ने युद्धविराम से किया इनकार, समाधान के लिए रखा 10-सूत्रीय फॉर्मूला? जानें

भारत3 दिन के भारत दौरे पर बांग्लादेशी विदेश मंत्री, क्या सुलझेंगे पुराने मुद्दे? जानें क्या मुद्दे शामिल

क्राइम अलर्टTamil Nadu: 6 साल बाद मिला न्याय! पिता-पुत्र की हिरासत में मौत केस में 9 पुलिसकर्मियों को मृत्युदंड

विश्वVIDEO: पनामा नहर के पास ब्लास्ट, आसमान में दिखा धुएं का गुबार, कई घायल

कारोबारPetrol, Diesel Price Today: ईंधन की कीमतों ने बढ़ाई टेंशन! क्या भारत में महंगा हो गया पेट्रोल और डीजल? जानें

विश्व अधिक खबरें

विश्व‘एलिमेंट्‌स’ को बचानेवाले फारसी विद्वान और यूक्लिड से प्रेरित शरलॉक 

विश्वयदि ईरान पर जमीनी हमला हुआ तो...

विश्वखुफिया प्रमुख मेजर जनरल माजिद खादेमी की मौत, इजराइल-अमेरिका ने ईरान किया हमला, 25 मरे?, जवाब में ईरान ने पड़ोसी खाड़ी देशों पर मिसाइलें दागीं

विश्वअफगानिस्तान में भारी बारिश, 77 लोगों की मौत, 137 लोग घायल और हजारों लोग विस्थापित, वीडियो

विश्वसमय तेजी से बीत रहा और 48 घंटे बाद उन पर कहर टूट पड़ेगा?, ट्रंप ने कहा- होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोले तो?