लाइव न्यूज़ :

ब्लिंकन ने पर्ल हत्या मामले में पाकिस्तानी विदेश मंत्री से की फोन पर बातचीत

By भाषा | Updated: January 30, 2021 13:02 IST

Open in App

(ललित के झा/सज्जाद हुसैन)

वाशिंगटन, 30 जनवरी अमेरिका के विदेश मंत्री टोनी ब्लिंकन ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी से फोन पर बातचीत की और अमेरिकी पत्रकार डैनियल पर्ल की हत्या के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों की जवाबदेही तय किए जाने पर चर्चा की।

वर्ष 2002 में कराची में ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ के दक्षिण एशिया ब्यूरो प्रमुख पर्ल (38) का उस समय अपहरण कर लिया गया था, जब वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और अलकायदा के बीच संबंधों पर एक खबर के लिए जानकारी जुटा रहे थे। इसके बाद सिर कलम करके उनकी हत्या कर दी गई थी।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने शुक्रवार को बताया कि ब्लिंकन ने पर्ल के हत्यारों को बरी करने के पाकिस्तान के उच्चतम न्यायालय के फैसले को लेकर अमेरिका की चिंता दोहराई।

प्राइस ने टेलीफोन पर हुई इस बातचीत की जानकारी देते हुए कहा, ‘‘ब्लिंकन और कुरैशी ने इस बात पर चर्चा की कि अमेरिकी पत्रकार डैनियल पर्ल के अपहरण और उनकी हत्या के लिए जिम्मेदार आतंकवादी अहमद उमर सईद शेख और अन्य लोगों की जवाबदेही कैसे तय की जा सकती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा दोनों मंत्रियों ने अफगानिस्तान शांति प्रक्रिया पर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच सहयोग कायम रखने एवं क्षेत्रीय स्थिरता के लिए सहयोग की महत्ता तथा हमारे व्यापारिक एवं वाणिज्यिक संबंधों को विस्तार देने की क्षमता पर चर्चा की।’’

इस बीच, पाकिस्तान विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा कि दोनों नेताओं ने ‘‘डैनियल पर्ल मामले संबंधी हालिया घटनाक्रम’’ पर चर्चा की और कुरैशी ने ‘‘रेखांकित किया कि यह महत्वपूर्ण और आपसी हित में होगा कि कानूनी माध्यमों से न्याय सुनिश्चित किया जाए।’’

बयान में बताया गया कि कुरैशी ने ब्लिकंन को अमेरिकी विदेश मंत्री के तौर पर कार्यभार संभालने की बधाई दी और विभिन्न मामलों में आपसी हितों पर आधारित अमेरिका के साथ समग्र साझेदारी को लेकर पाकिस्तान की प्रतिबद्धता रेखांकित की।

बयान के अनुसार, कुरैशी ने ब्लिंकन से कहा कि राजनीतिक समाधान के जरिए अफगानिस्तान में शांति स्थापना दोनों देशों के हितों के अनुकूल है।

उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में हिंसा में कमी, संघर्ष विराम और एक समावेशी राजनीतिक समाधान के लिए काम करना आवश्यक है।

बयान के अनुसार, कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया और वह शांति स्थापना के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने को लेकर प्रतिबद्ध है।

इसमें बताया गया कि कुरैशी और ब्लिंकन ने दोनों देशों के द्विपक्षीय एजेंडे को आगे बढ़ाने तथा क्षेत्र में एवं उससे परे भी आपसी हितों को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करते रहने पर सहमति जताई।

इससे एक दिन पहले, ब्लिंकन ने पर्ल के अपहरण एवं उनकी हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को बरी किए जाने के फैसले पर चिंता जताते हुए कहा था कि यह फैसला आतंकवाद के पीड़ितों का अपमान है।

उन्होंने पाकिस्तान से अपील की थी कि वह पर्ल के हत्यारों को न्याय के दायरे में लाने के लिए सभी कानूनी विकल्पों पर विचार करे।

पाकिस्तानी अदालत ने पर्ल के अपहरण और हत्या मामले में शेख को बरी किये जाने के खिलाफ दाखिल अपीलों को बृहस्पतिवार को खारिज कर दिया था। उच्चतम न्यायालय ने इस सनसनीखेज मामले में शेख को रिहा करने का आदेश भी दिया।

पाकिस्तानी अदालत ने पर्ल के अपहरण और हत्या में शामिल होने के लिए आजीवन कारावास की सजा काट रहे तीन अन्य फहद नसीम, शेख आदिल और सलमान साकिब को भी रिहा करने का आदेश दिया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

कारोबारसावधानीपूर्वक निवेश से ठोस संपत्ति की ओर: निश्चित आय वालों का भूखंड की ओर बढ़ता रुझान

क्रिकेटKKR vs LSG: विवादित कैच, बाउंड्री रोप से दिग्विजय राठी का पैर छूने के बावजूद फिन एलन को दिया गया आउट, WATCH

भारतपरिसीमन 2026: ‘I-YUVA फॉर्मूला’ के साथ संतुलित लोकतंत्र की नई दिशा

स्वास्थ्यसन फार्मा ने लॉन्च किया ‘हार्ट के लिए 8- मेकिंग इंडिया हार्ट स्ट्रॉन्ग’ कैंपेन, दिल के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए भारतीयों से रोजाना में अच्छी आदतें अपनाने का आग्रह

भारतAssembly Elections 2026: असम में 84.42% मतदान दर्ज, केरल, पुडुचेरी में जानें शाम 5 बजे तक मतदान का रुझान

विश्व अधिक खबरें

विश्वईरान युद्धविराम में पाकिस्तान की मध्यस्थता की भूमिका पर उठे सवाल, नेताओं को किया गया ट्रोल

विश्वUS-Iran Ceasefire: लेबनान हमले का पलटवार, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर बंद करेगा ईरान! भड़का अमेरिका

विश्वइस युद्धविराम के आखिर मायने क्या हैं...?

विश्वलेबनान में इजरायली हमला, 254 लोगों की मौत और 700 घायल, युद्धविराम के बावजूद अटैक जारी?

विश्वइजरायल ने किया अमेरिका के सीजफायर का समर्थन, मगर हिजबुल्लाह के खिलाफ जंग रहेगी जारी