बांग्लादेश चुनाव: बीएनपी को 50 प्रतिशत मत, जमात-ए-इस्लामी को 31.76 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 5.79 प्रतिशत वोट
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: February 15, 2026 21:46 IST2026-02-15T21:45:29+5:302026-02-15T21:46:12+5:30
Bangladesh Elections: निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने कहा कि निर्दलीय उम्मीदवारों ने सामूहिक रूप से 5.79 प्रतिशत वोट हासिल किए जबकि ‘‘अन्य राजनीतिक दल काफी पीछे रह गए’’।

file photo
ढाका:बांग्लादेश में गत 12 फरवरी को हुए आम चुनाव में दो-तिहाई बहुमत से सत्ता में आने वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को लगभग 50 प्रतिशत मत मिले हैं, जबकि उसकी पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी 31.76 प्रतिशत मतों पर ही अटक गई। बांग्लादेश के निर्वाचन आयोग ने रविवार को यह जानकारी दी। निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने कहा कि निर्दलीय उम्मीदवारों ने सामूहिक रूप से 5.79 प्रतिशत वोट हासिल किए जबकि ‘‘अन्य राजनीतिक दल काफी पीछे रह गए’’।
बांग्लादेश का नया मंत्रिमंडल 17 फरवरी को लेगा शपथ
बांग्लादेश के नवनिर्वाचित संसद सदस्य मंगलवार सुबह शपथ लेंगे और इसके बाद शाम को मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह होगा। स्थानीय मीडिया की खबर में यह जानकारी दी गई है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) एएमएम नासिर उद्दीन सुबह 10 बजे नव निर्वाचित संसद सदस्यों को शपथ दिला सकते हैं, जबकि राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन शाम चार बजे बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) अध्यक्ष तारिक रहमान के नये मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे।
भारत के साथ नए सिरे से संबंध स्थापित करना चाहता है बांग्लादेश: कबीर
बांग्लादेश ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी पार्टी अवामी लीग के सत्ता से हटने के बाद भारत के साथ संबंधों को नए सिरे से स्थापित करने की इच्छा जताई है। बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान के सलाहकार हुमायूं कबीर ने कहा कि दोनों देशों को “पारस्परिक लाभ” के लिए मिलकर काम करना चाहिए।