40 की जगह और 50 को बैठाया?, 6 घंटे बाद डूबी बस को पद्मा नदी से बाहर निकाला, अब तक 23 शव बरामद, लोग लापता, वीडियो
By सतीश कुमार सिंह | Updated: March 26, 2026 14:16 IST2026-03-26T10:12:53+5:302026-03-26T14:16:41+5:30
बस राजबारी से ढाका जा रही थी, जो ढाका से 128 किलोमीटर दूर है। उस समय बस फेरी पर थी।

file photo
ढाका: बांग्लादेश में बड़ा हादसा हो गया। पद्मा नदी में बस गिरने से 23 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस इंस्पेक्टर रसेल मोल्लाह ने बताया कि रात होने के कारण बचाव अभियान फिलहाल रोक दिया गया है और दिन होते ही इसे फिर से शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा, "हमने अब तक 23 शव बरामद किए हैं। कुछ लोग अभी भी लापता हो सकते हैं और कुछ लोग बच गए हैं। बचाव अभियान कुछ समय के लिए रुका हुआ। अग्निशमन सेवा, नौसेना, पुलिस और अन्य समूहों के सहयोग से संयुक्त बचाव अभियान जारी है।
Bangladesh के Rajbari शहर में दर्जनों सवारी को ले जा रही बस Padma नदी में गिरी...
— News Pinch (@TheNewspinch) March 25, 2026
दिल दहला देने वाला वीडियो आया सामने - pic.twitter.com/H8MNXnvU9Z
अधिकारियों ने बताया कि बस दक्षिण-पश्चिमी राजबारी जिले में दौलाडिया टर्मिनल पर बुधवार शाम करीब सवा पांच बजे पद्मा नदी में गिर गई। यह घटना शाम करीब 5:00 बजे दौलतदिया में फेरी टर्मिनल नंबर 3 के सामने हुई। करीब 40 यात्रियों को ले जा रही यह बस राजबारी से ढाका जा रही थी, जो ढाका से 128 किलोमीटर दूर है। उस समय बस फेरी पर थी।
दमकल सेवा और गोताखोरों की बचाव टीमें बचाव अभियान चला रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस में रास्ते में पड़ने वाले विभिन्न काउंटरों से यात्रियों को बिठाने के बाद कम से कम 50 यात्री सवार थे। ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, बचाव पोत हमजा ने छह घंटे बाद डूबी हुई बस को नदी से बाहर निकाला।
रात करीब 11:15 बजे वाहन का कुछ हिस्सा दिखाई देने लगा और 11:30 बजे तक पोत की क्रेन की मदद से पूरी बस को ऊपर उठा लिया गया। ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, बुधवार शाम को राजबारी के दौलतदिया फेरी टर्मिनल पर पद्मा नदी के किनारे आंसू भरी आंखों से मृतक के रिश्तेदार जमा हो गए और बचाव दल द्वारा जीवित बचे लोगों की तलाश जारी रहने के दौरान आशा की किरण जगी।
ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, एक जीवित बचे व्यक्ति ने बताया कि वह तैरकर किनारे तक पहुंचने में कामयाब रहा, लेकिन बस के डूबने के साथ ही उसने अपनी पत्नी और बच्चे को पानी में गायब होते देखा। राजबारी के कालूखाली उपजिला से बस में सवार अब्दुल अजीजुल ने बताया कि वह भी तैरकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गया। ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक, उसकी पत्नी और बच्चा अभी भी लापता हैं।