यूक्रेन से जंग के बीच व्लादिमीर पुतिन ने मॉस्को में की विशाल रैली, दो लाख से ज्यादा लोगों के जुटने का दावा
By भाषा | Updated: March 18, 2022 22:02 IST2022-03-18T21:58:48+5:302022-03-18T22:02:33+5:30
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मॉस्को के लुझनिकी स्टेडियम में यह रैली की। पुलिस के अनुसार रैली के लिए करीब दो लाख लोग मौजूद थे। क्रीमिया पर रूस के कब्जे की आठवीं वर्षगांठ के अवसर पर यह रैली की गई।

मॉस्को में व्लादिमीर पुतिन की रैली (फोटो- ट्विटर)
ल्वीव(यूक्रेन): रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन मॉस्को में देश का झंडा लहराने वाली एक विशाल रैली में शुक्रवार को नजर आये। उन्होंने गोलाबारी और मिसाइल हमले के साथ यूक्रेनी शहरों पर अपने घातक हमले बढ़ा दिये हैं। मॉस्को पुलिस ने बताया कि दो लाख से अधिक लोग लुझनिकी स्टेडियम के अंदर और इसके चारों ओर मौजूद थे। यूक्रेन से छीने गये क्रीमियाई प्रायद्वीप पर रूस के कब्जे की आठवीं वर्षगांठ के अवसर पर यह रैली की गई।
कार्यक्रम में गायक ओलेग गाजमानोव ने ‘मेड इन यूएसएसआर’ गीत गाया, जिसकी शुरूआती पंक्ति थी, ‘‘यूक्रेन और क्रीमिया, बेलारूस और मोल्दोवा की सीमाएं खुलने के साथ ये सब मेरे देश हैं। ’’ पुतिन के मंच पर आने के दौरान वक्ताओं ने उनकी सराहना यूक्रेन में नाजीवाद से लड़ने वाले नेता के तौर पर की, हालांकि इस दावे को विश्व भर के नेताओं ने खारिज कर दिया।
Putin's speech on today's pro-war rally in Moscow wasn't anything special.
— Arrow Intel (@IntelArrow) March 18, 2022
He simply said that Russia's reason to invade Ukraine was to protect people of Donbass, then he talked a lot about history and religion, how war united all of Russian army, and how it's a special thing. pic.twitter.com/8yRAlf6mYJ
इस बीच, रूसी सैनिकों ने यूक्रेन की राजधानी कीव में बम बरसाना जारी रखा है। साथ ही, पश्चिमी शहर ल्वीव के बाहरी इलाकों में कई मिसाइल दागी गई। ल्वीव पर आज तड़के हमले किये गये। शहर में अस्पतालों, स्कूलों और रिहाइशी इमारतों पर हमले किये गये। यूक्रेन की संसद के मानवाधिकार आयुक्त लुदमायला डेनीसोवा ने कहा, ‘‘हमारे पास उपलब्ध डेटा के मुताबिक इन आश्रय स्थलों पर करीब 1,300 से अधिक लोग थे। हम उनके जीवित बचे होने की उम्मीद करते हैं। ’’
मिसाइल काला सागर से दागी गई। लेकिन यूक्रेन की वायुसेना के पश्चिमी कमान ने कहा है उसने छह में से दो मिसाइल को नष्ट कर दिया। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि उसने अस्पतालों पर 43 हमले होने को सत्यापित किया है जिसमें 12 लोग मारे गये जबकि 34 अन्य घायल हो गये। शुक्रवार सुबह यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन की रक्षा पंक्ति उम्मीद से कहीं अधिक मजबूत साबित हुई है।