लाइव न्यूज़ :

अंतरराष्ट्रीय प्रणाली के दुरुपयोग के लिए चीन को जवाबदेह बनाएगा अमेरिका : ब्लिंकन

By भाषा | Updated: February 6, 2021 15:35 IST

Open in App

(ललित के झा एवं के जे एम वर्मा)

वाशिंगटन/बीजिंग, छह फरवरी अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने अपने चीनी समकक्ष यांग जिएची के साथ बातचीत के दौरान शिंजियांग, तिब्बत और हांगकांग में मानवाधिकार उल्लंघन का मामला उठाया और कहा कि अमेरिका अंतरराष्ट्रीय प्रणाली का दुरुपयोग करने के लिए चीन को जवाबदेह बनाएगा।

दोनों नेताओं ने शुक्रवार को बात की। जो बाइडन के 20 जनवरी को अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभालने के बाद शीर्ष अधिकारियों की यह पहली बातचीत है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने इस बातचीत की जानकारी देते हुए कहा, ‘‘मंत्री ब्लिकंन ने इस बात पर जोर दिया कि अमेरिका शिंजियांग, तिब्बत और हांगकांग समेत हर जगह लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मानवाधिकारों के लिए खड़ा रहना जारी रखेगा और उन्होंने चीन पर दबाव बनाया कि वह अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर बर्मा (म्यांमा) में सैन्य तख्तापलट की निंदा करे।’’

पश्चिमी देश हालिया वर्षों में तिब्बत में मानवाधिकार उल्लंघनों और शिंजियांग में उइगर एवं अन्य अल्पसंख्यकों को हिरासत में रखे जाने के कारण चीन की निंदा करते रहे हैं।

चीन ने हांगकांग में लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनों के बाद नया कानून लागू करके वहां कार्रवाई तेज कर दी है।

प्राइस से बताया कि ब्लिंकन ने बातचीत के दौरान इस बात की पुन: पुष्टि की कि अमेरिका हिंद प्रशांत में स्थिरता को खतरा पहुंचाने के चीन के प्रयासों के लिए उसे जवाबदेह बनाने और अपने साझे मूल्यों एवं हितों की रक्षा करने के लिए अपने सहयोगियों एवं साझेदारों के साथ मिलकर काम करेगा।

ब्लिंकन ने ट्वीट किया, ‘‘बीजिंग में अपने समकक्ष के साथ बातचीत के दौरान मैंने स्पष्ट किया कि अमेरिका अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करेगा, अपने लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए खड़ा होगा और अंतरराष्ट्रीय प्रणाली के दुरुपयोग के लिए बीजिंग को जवाबदेह बनाएगा।’’

चीन लगभग पूरे दक्षिण चीन सागर पर अपनी सम्प्रभुता का दावा करता है। चीन उस क्षेत्र में कृत्रिम द्वीपों पर सैन्य अड्डे बना रहा है, जहां ब्रुनेई, मलेशिया, फिलीपीन, ताइवान और वियतनाम भी अपना दावा करते हैं।

इस बीच, बीजिंग में चीन की आधिकारिक मीडिया ने बताया कि यांग ने ब्लिंकन से कहा कि ‘‘अमेरिका को अतीत में की गई अपनी गलतियों को सुधारना’’ चाहिए और चीन के साथ मिलकर सम्मान और सहयोग की भावना से काम करना चाहिए ताकि किसी प्रकार का संघर्ष न हो और इस सहयोग से दोनों को लाभ हो। यांग ने ब्लिंकन से सहयोग पर ध्यान केंद्रित करने और मतभेदों को सुलझाने के लिए कहा ताकि द्विपक्षीय संबंध मजबूत एवं स्थायी बने रहें।

शिन्हुआ संवाद समिति ने बताया कि यांग ने कहा कि अमेरिका और चीन के संबंध इस समय अहम मोड़ पर हैं। उन्होंने कहा कि चीन सरकार की अमेरिका के प्रति स्थायी एवं निरंतर नीति है।

यांग ने कहा कि दोनों पक्षों को एक दूसरे के हितों, राजनीतिक प्रणाली के चयन और विकास मार्ग का सम्मान करना चाहिए तथा अपने घरेलू मामलों से अच्छे से निपटना चाहिए।

उन्होंने कहा कि चीन चीनी विशेषताओं के साथ समाजवाद के मार्ग का अटल रहकर पालन करेगा।

यांग ने कहा कि चीन और अमेरिका के संबंधों में विकास से दोनों देशों के लोगों को बहुत लाभ हुआ है और इससे विश्व में शांति एवं समृद्धि को बढ़ावा मिला है।

ब्लिंकन विदेश मंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करने के बाद दुनिया के विभिन्न हिस्सों में अपने करीब 30 समकक्षों से फोन पर बात कर चुके हैं।

उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से 29 जनवरी को फोन पर बात की थी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतपिता अजीत पवार की गुलाबी जैकेट पहनकर पार्थ पवार ने राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली, वीडियो

भारतVIDEO: 'क्या आपकी लैंग्वेज अनपार्लियामेंट हो गई है?' ये सवाल पूछे जाने पर हिमंत बिस्वा सरमा ने 'लल्लनटॉप' के रिपोर्टर को झाड़ा, दोनों के बीच हुई बहस

कारोबारबरसात और ओलावृष्टि से 2 करोड़ किसान प्रभावित?, आपदाग्रस्त घोषित करने की तैयारी कर रही योगी सरकार

क्राइम अलर्टप्रेमी-प्रेमिका को खंभे से बांधकर लाठियों से पीटा, गालियां दी और सरेआम किया अपमानिन, स्थानीय वार्ड सदस्य की भूमिका अहम?

भारत9100000 मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से हटाए?, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा- सत्ता के लिए बीजेपी पागल हुई?, चुनाव हम ही जीतेंगे

विश्व अधिक खबरें

विश्वईरान युद्धविराम में पाकिस्तान की मध्यस्थता की भूमिका पर उठे सवाल, नेताओं को किया गया ट्रोल

विश्वUS-Iran Ceasefire: लेबनान हमले का पलटवार, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर बंद करेगा ईरान! भड़का अमेरिका

विश्वइस युद्धविराम के आखिर मायने क्या हैं...?

विश्वलेबनान में इजरायली हमला, 254 लोगों की मौत और 700 घायल, युद्धविराम के बावजूद अटैक जारी?

विश्वइजरायल ने किया अमेरिका के सीजफायर का समर्थन, मगर हिजबुल्लाह के खिलाफ जंग रहेगी जारी