अमेरिका: टेक्सास में सिनेगॉग में चार लोगों को बनाया गया बंधक, पाकिस्तानी वैज्ञानिक को रिहा करने की मांग

By विनीत कुमार | Updated: January 16, 2022 08:15 IST2022-01-16T08:09:47+5:302022-01-16T08:15:14+5:30

टेक्सास में एक यहूदी धार्मिक स्थल में चार लोगों को बंधक बनाए जाने की खबर आई है। सामने आई जानकारी के अनुसार जिन्हें बंधक बनाया गया है, उनमें एक रब्बी (यहूदी धार्मिक गुरु) भी शामिल हैं। बंधक बनाने वाले ने पाकिस्तानी वैज्ञानिक आफिया सिद्दिकी की रिहाई की मांग की है।

America Texas synagouge hostage taker demands release of Pakistani scientist Aafia Siddiqui | अमेरिका: टेक्सास में सिनेगॉग में चार लोगों को बनाया गया बंधक, पाकिस्तानी वैज्ञानिक को रिहा करने की मांग

टेक्सास में सिनेगॉग में चार लोगों को बनाया गया बंधक (फोटो- ट्विटर)

Highlightsटेक्सास के एक सिनेगॉग (यहूदी धार्मिक स्थल) में चार लोगों को बंधक बनाया गया है।बंधक बनाने वाले ने एक शख्स को करीब छह घंटे बाद सुरक्षित छोड़ दिया।बंधक बनाने वाले ने पाकिस्तानी वैज्ञानिक आफिया सिद्दिकी की रिहाई की मांग रखी है।

टेक्सास: अमेरिका के टेक्सास के कॉलिविले में एक सिनेगॉग (यहूदी धार्मिक स्थल) में चार लोगों को बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। कानून प्रवर्तन अधिकारियों के अनुसार बंधक बनाने वाले ने एक पाकिस्तानी वैज्ञानिक आफिया सिद्दिकी की रिहाई की मांग की है। इस बीच कॉलिविले पुलिस विभाग की ओर से बयान जारी कर बताया गया कि बंधक बनाने वाले की ओर से एक शख्स को करीब छह घंटे बाद सुरक्षित छोड़ दिया गया है। 

पाकिस्तानी वैज्ञानिक को छोड़ने की मांग

बंधक बनाने वाले ने जिस पाकिस्तानी वैज्ञानिक आफिया सिद्दिकी की रिहाई की मांग रखी है उसके ऊपर अफगानिस्तान में हिरासत में रहने के दौरान अमेरिकी सैन्य अधिकारियों को मारने की कोशिश का आरोप है। सिद्दिकी अभी टेक्सास के फेडरल जेल एफएमसी कार्सवेल में बंद हैं।


पहले ये खबर आई थी कि बंधक बनाने वाला आफिया का भाई है। हालांकि आफिया के भाई के वकील ने इन रिपोर्ट्स को खारिज किया। उन्होंने कहा कि उनके मुवक्किल ने कानून प्रवर्तक अधिकारियों से बात की है और खुद को मामले से अलग बताया है। आफिया के भाई ने कहा कि वे अपनी बहन को शांतिपूर्ण तरीके से छुड़ाने की कोशिश में लगे हुए हैं।

इस बीच कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने पुष्टि की है कि बंधक बनाए गए लोग सुरक्षित हैं। अधिकारी लगातार बंधक बनाने वाले शख्स से बातचीत कर रहे हैं।

SWAT टीम की तैनाती, इजराइल की भी नजर

हालात को देखते हुए विशेष सैन्य कार्रवाई करने में सक्षम अमेरिका की SWAT टीम को तैनात कराया है। बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षाकर्मी मौजूद हैं और इलाके से लोगों को हटाया गया है।

इस बीच ये अंदेशा जताया जा रहा है कि बंधक बनाए गए लोगों में एक रब्बी (यहदी धार्मिक गुरु) भी शामिल हैं। पूरे घटनाक्रम पर इजराइल की भी नजर है। इजराइल सरकार में मंत्री नैशमैन शाई ने शनिवार को ट्वीट किया कि वे हालात पर करीब से नजर बनाए हुए हैं।

वहीं, व्हाइट हाउस की सचिव जेन प्साकी ने ट्वीट कर बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन को मामले की डिटेल जानकारी दी गई है। जेन ने कहा कि बाइडन को लगातार हर स्थिति की जानकारी दी जा रही है।

Web Title: America Texas synagouge hostage taker demands release of Pakistani scientist Aafia Siddiqui

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे