14 साल के लड़के पर चलेगा व्यस्क के तौर पर मुकदमा, 13 साल की लड़की पर 114 बार चाकू से वार कर हत्या का आरोप
By विनीत कुमार | Updated: May 30, 2021 16:16 IST2021-05-30T13:14:43+5:302021-05-30T16:16:33+5:30
अमेरिका के फ्लोरिडा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 14 साल के एक लड़के पर 13 साल की लड़की की निर्ममता से हत्या का आरोप है। अब ये मुकदमा लड़के पर व्यस्क आरोपी के तौर पर चलेगा।

फोटो- St. John's County Sheriff's Office
अमेरिका के फ्लोरिडा प्रांत में 14 साल के लड़के पर 13 साल की लड़की ट्रिस्टिन बेली की निर्ममता से हत्या का आरोप लगा है। घटना इसी महीने की है। हालांकि अब पूरे मामले को लेकर स्थानीय अधिकारियों ने अहम घोषणा की है।
एबीसी न्यूज के अनुसार 14 साल के हत्या के आरोपी पर अब व्यस्कों की तरह कोर्ट में मामला चलेगा। फ्लोरिडा के अटॉर्नी आर जे लारिजा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी एडेन फाउची का केस किशोर से अब अडल्ट कोर्ट में स्थानांतरित किया गया है।
अटॉर्नी लारिजा ने बताया कि केस में निर्ममता से हत्या को देखते हुए इस मामले में व्यस्कों के कोर्ट में सुनवाई का फैसला लिया गया है। ऐसे आरोप हैं कि एडेन फाउची ने ट्रिस्टिन बेली पर 114 बार चाकू से वार किया और उसकी हत्या कर दी।
9 मई को लापता हो गई थी बेली
रिपोर्ट्स के अनुसार बेली के 9 मई को सेंट जॉन्स काउंटी शेरीफ के ऑफिस में लापता होने की सूचना दी गई थी। उसके परिवार ने बताया कि उसे आखिरी बार आधी रात को देखा गया था। इसके बाद उसे तलाशने का काम शुरू हुआ और शाम करीब 6 बजे उसका शव एक तालाब के पास से बरामद हुआ।
फाउची को इस केस संदिग्ध पाया गया और 11 मई को पुलिस ने बताया कि उसे गिरफ्तार किया गया है। इस बीच शव के परीक्षण में ये बात सामने आई कि बेली पर 114 बार चाकू से वार किए गए थे। इसमें 49 घाव उसके हाथ, बाहों और सिर पर थे।
अटॉर्नी लारिजा के अनुसार हत्या में इस्तेमाल चाकू को भी पास के तालाब से बरामद किया जा चुका है। इसका टूटा हुआ नुकीला सिरा लड़की के सिर में पाया गया है।