जहाज निकलने के बाद स्वेज में यातायात धीरे धीरे सुगमता की ओर
By भाषा | Updated: April 2, 2021 18:11 IST2021-04-02T18:11:30+5:302021-04-02T18:11:30+5:30

जहाज निकलने के बाद स्वेज में यातायात धीरे धीरे सुगमता की ओर
काहिरा, दो अप्रैल (एपी) स्वेज नहर में फंसे एक मालवाहक जहाज के कारण अवरुद्ध यातायात अब धीरे-धीरे सुगम हो रहा है और यहां से गुजरने के लिए इंतजार करने वाले जहाजों की संख्या घटकर 206 रह गयी है।
नहर से संबंधित लेथ एजेंसीज नामक इकाई ने यह जानकारी दी।
बचाव दलों ने सोमवार को विशालकाय मालवाहक जहाज को निकाला और एक बड़ा संकट टल गया। जहाज की वजह से दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण जलमार्गों में से एक अवरुद्ध हो गया था और समुद्री व्यापार के लिहाज से एक दिन में अरबों डॉलर का कारोबार थम गया।
उस समय नहर के अधिकारियों ने कहा था कि पनामा का झंडा लगे जापानी स्वामित्व वाले एवर ग्रीन जहाज के निकलने का इंतजार 420 से अधिक जहाज कर रहे हैं ताकि वे जलमार्ग से गुजर सकें।
लेथ एजेंसीज के अनुसार जहाज को हटाये जाने के बाद कुल 357 जहाज वहां से गुजर चुके हैं।
एवर ग्रीन जहाज स्वेज शहर के पास नहर के दक्षिणी प्रवेश से उत्तर में करीब छह किलोमीटर दूर इसके किनारे पर फंस गया था।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।