महमूद गजनवी की कब्र पर पहुंचा तालिबानी नेता अनस हक्कानी, तस्वीरें ट्वीट कर सोमनाथ मंदिर तोड़े जाने का किया जिक्र
By विनीत कुमार | Updated: October 6, 2021 12:13 IST2021-10-06T12:13:16+5:302021-10-06T12:13:16+5:30
हक्कानी नेटवर्क के प्रमुख अनस हक्कानी ने अपने ट्विटर हैंडल पर महमूद गजनवी की कब्र के दौरे की कुछ तस्वीरें पोस्ट की है। इसमें हक्कानी ने गजनवी को प्रसिद्ध मुस्लिम योद्धा बताते हुए सोमनाथ मंदिर की मूर्तियों को तोड़े जाने की घटना का भी जिक्र किया।

महमूद गजनवी की कब्र पर पहुंचा तालिबानी नेता अनस हक्कानी (फोटो- ट्विटर)
नई दिल्ली: अफगानिस्तान पर काबिज तालिबान की सरकार में शामिल और हक्कानी नेटवर्क का प्रमुख अनस हक्कानी मंगलवार को अफगान शहर गजनी में मौजूद महमूद गजनवी की कब्र पर पहुंचा। इसके बाद उसने कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की। साथ ही गजनवी की तारीफ करते हुए उसने अपने ट्वीट में सोमनाथ मंदिर की मूर्तियों को तोड़े जाने का भी जिक्र किया।
हक्कानी ने ट्वीट में लिखा, आज हमने 10वीं शताब्दी के एक प्रसिद्ध मुस्लिम योद्धा और मुजाहिद सुल्तान महमूद गजनवी की दरगाह की यात्रा की। गजनवी (अल्लाह की रहमत उस पर हो) ने क्षेत्र में एक मजबूत मुस्लिम शासन स्थापित किया और सोमनाथ की मूर्ति को तोड़ दिया था।'
गौरतलब है कि इससे पहले हाल में एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में भी हक्कानी ने भारत के खिलाफ बातें कही थी। हक्कानी ने इस इंटरव्यू में कहा था कि अफगानिस्तान के लोग भारत को सच्चा दोस्त नहीं मानते हैं। साथ ही हक्कानी ने कहा कि जर्मनी पहला देश हो सकता है जिसका दूतावास अफगानिस्तान में खुलेगा। हक्कानी ने इस इंटरव्यू में शीर्ष तालिबानी नेतृत्व में किसी मतभेद की खबरों से भी इनकार किया।
भारत को लेकर हक्कानी ने क्या कहा था?
भारत के साथ रिश्तों को लेकर हक्कानी ने कहा, 'दुर्भाग्य से भारत पक्षपाती रहा है और पिछले 20 वर्षों से युद्ध की आग को हवा दे रहा है। भारत ने अभी तक शांति के लिए कुछ नहीं किया है। अभी तक उनकी भूमिका नकारात्मक रही है। भारतीय मीडिया में भी यह दिखता है। इसने तालिबानियों को बहुत बुरे लोगों के रूप में दिखाया किया। उन्हें अफगानिस्तान के प्रति अपनी नीति बदलने की जरूरत है।'
हक्कानी ने कहा कि अफगानिस्तान के लोग इस नकारात्मकता के कारण जानते हैं और भारत सच्चा मित्र नहीं है। बेहतर होगा कि वे नकारात्मकता को छोड़ दें और सकारात्मक कदम उठाएं ताकि लोग शांति से और बेहतर जीवन जी सकें।
