मेक्सिको में आत्मरक्षा समूह के 500 लोग जुटे, पुलिस की मदद करने का संकल्प लिया

By भाषा | Updated: November 28, 2021 08:57 IST2021-11-28T08:57:39+5:302021-11-28T08:57:39+5:30

500 people of self-defense group gather in Mexico, pledge to help police | मेक्सिको में आत्मरक्षा समूह के 500 लोग जुटे, पुलिस की मदद करने का संकल्प लिया

मेक्सिको में आत्मरक्षा समूह के 500 लोग जुटे, पुलिस की मदद करने का संकल्प लिया

नुएवो उरेचो (मेक्सिको), 28 नवंबर (एपी) पश्चिमी मेक्सिको में एवोकाडो उत्पादकों से जबरन वसूली की बढ़ती घटनाओं से परेशान ‘यूनाइटेड टाउन्स’ या ‘पुएब्लोस यूनिडोस’ नामक तथाकथित ‘‘आत्मरक्षा’’ समूह के 500 लोग शनिवार को एकत्र हुए और उन्होंने पुलिस की सहायता का संकल्प लिया।

पश्चिमी राज्य मिचोआकन के नुएवो उरेचो शहर में एआर-15 और अन्य राइफलों के साथ-साथ बंदूकों से लैस लोग एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि वियागरा और जलिस्को जैसे मादक पदार्थ गिरोह एवोकाडो उत्पादकों से लगभग 1000 अमेरिकी डॉलर प्रति एकड़ (2500 अमेरिकी डॉलर प्रति हेक्टेयर) कर वसूल रहे हैं।

जबरन वसूली की मांग और अपहरण से तंग आकर, उत्पादकों और किसानों ने 2020 में इस समूह का गठन किया और अब इसमें लगभग 3000 सदस्य होने का दावा किया जाता है।

समूह के एक नकाबपोश नेता ने कहा, ‘‘हममें से कई लोग अपहरण, जबरन वसूली के शिकार हुए हैं।’’ गवर्नर अल्फ्रेडो रामिरेज बेदोला ने राज्य के विभिन्न आत्मरक्षा समूहों को निरस्त्र करने का संकल्प लिया है, जिस पर समूह के नेता ने कहा, ‘‘हम पुलिस की संख्या बढ़ाने के लिए महापौर के साथ समझौते पर पहुंचे हैं। फिलहाल, हम अपनी बंदूकें रख रहे हैं, लेकिन हम किसी भी समय पुलिस का सहयोग करने और बाहर आने के लिए तैयार हैं।’’

इस बार आत्मरक्षा का आंदोलन ज्यादातर एवोकाडो उगाने वाले क्षेत्रों में चल रहा है। चूंकि एवोकाडो एक अधिक व्यापक और आकर्षक फसल बन गई है, इसलिए मादक पदार्थ तस्करों और गिरोहों ने उत्पादकों से सुरक्षा भुगतान वसूलने का काम शुरू कर दिया है।

पुएब्लोस यूनिडोस के नेताओं ने कहा कि वे किसी भी युद्धरत गिरोह से जुड़े नहीं थे और हथियार डालने के इच्छुक हैं। समूह के एक अन्य नेता ने कहा, ‘‘हमने कभी किसी शहर पर कब्जा नहीं किया है। हम किसी गिरोह या ऐसी किसी भी चीज का हिस्सा नहीं हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: 500 people of self-defense group gather in Mexico, pledge to help police

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे