इंडोनेशिया में भूस्खलन और बाढ़ से 23 की मौत

By भाषा | Updated: April 4, 2021 15:31 IST2021-04-04T15:31:53+5:302021-04-04T15:31:53+5:30

23 killed in landslides and floods in Indonesia | इंडोनेशिया में भूस्खलन और बाढ़ से 23 की मौत

इंडोनेशिया में भूस्खलन और बाढ़ से 23 की मौत

जकार्ता (इंडोनेशिया), चार अप्रैल (एपी) इंडोनेशिया के पूर्वी हिस्से में मूसलाधार बारिश के कारण हुए भूस्खलन एवं अचानक आई बाढ़ में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण एजेंसी के प्रवक्ता रादित्य जाती ने बताया कि पूर्वी नूसा तेंग्गरा प्रांत के फ्लोरेस द्वीप के लमेनेले गांव के करीब 50 घरों पर आधी रात के बाद आसपास की पहाड़ियों से भारी मात्रा में मिट्टी गिरने लगी।

उन्होंने बताया कि बचावकर्ताओं ने 20 शवों और नौ घायलों को निकाला है।

ओयांग बयांग गांव में बाढ़ के पानी में बह गए तीन अन्य लोगों के शव मिले हैं।

जाती ने बताया कि वैबुराक नाम के अन्य गांव में रात में भारी बारिश के बाद बाढ़ आने से चार लोग जख्मी हो गए और दो अन्य लापता हो गए। बाढ़ का पानी पूर्वी फ्लोरेस जिले के बड़े हिस्से में घुस गया है, जिससे सैकड़ों घर पानी में डूब गए हैं और कुछ घर तो सैलाब में बह गए हैं।

उन्होंने बताया कि सैकड़ों लोग बचाव अभियान में लगे हुए हैं, लेकिन बिजली कटने, सड़कें अवरूद्ध होने तथा दूरदराज़ के इलाके होने के चलते सहायता एवं राहत पहुंचाने में दिक्कत आ रही है।

एजेंसी की ओर से जारी तस्वीरों में दिख रहा है कि बचावकर्ता, पुलिस व सैन्य कर्मी लोगों को आश्रय स्थलों की ओर ले जा रहे हैं जबकि सड़कों पर मलबा पड़ा हुआ है।

जाती ने बताया कि पड़ोसी प्रांत पश्चिम नूसा तेंग्गरा के बीमा शहर में भी भीषण बाढ़ की रिपोर्ट मिली है, जिस वजह से करीब 10 हजार लोगों को अपने घरों को छोड़ना पड़ा है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: 23 killed in landslides and floods in Indonesia

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे