लाइव न्यूज़ :

VIDEO: राजा रघुवंशी की हत्या में कथित रूप से शामिल पत्नी, भाड़े के हत्यारे बुलाए...

By संदीप दाहिमा | Updated: June 9, 2025 12:09 IST

मेघालय में हनीमून के दौरान इंदौर के पर्यटक राजा रघुवंशी की हत्या में कथित रूप से उसकी पत्नी शामिल थी, जिसने भाड़े के हत्यारे बुलाए थे। मेघालय की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आई नोंगरांग ने सोमवार को यह जानकारी दी।

Open in App
ठळक मुद्देVIDEO: राजा रघुवंशी की हत्या में कथित रूप से शामिल पत्नी, भाड़े के हत्यारे बुलाए...

Raja Raghuvanshi Murder:मेघालय में हनीमून के दौरान इंदौर के पर्यटक राजा रघुवंशी की हत्या में कथित रूप से उसकी पत्नी शामिल थी, जिसने भाड़े के हत्यारे बुलाए थे। मेघालय की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आई नोंगरांग ने सोमवार को यह जानकारी दी। डीजीपी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राजा की पत्नी सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि रातभर की छापेमारी के बाद तीन अन्य हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया। राजा (29) और उनकी पत्नी सोनम 23 मई को सोहरा इलाके के नोंगरियात गांव में एक ‘होमस्टे’ से निकलने के कुछ घंटे बाद ही लापता हो गए थे। राजा का शव दो जून को गांव से 20 किलोमीटर दूर एक खाई में मिला था। उन्होंने बताया, ‘‘एक आरोपी को उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया और दो अन्य आरोपियों को विशेष जांच दल (एसआईटी) ने इंदौर से पकड़ा।’’ नोंगरांग ने बताया, ‘‘सोनम ने उत्तर प्रदेश के नंदगंज थाने में आत्मसमर्पण कर दिया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।’’

डीजीपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों ने खुलासा किया है कि सोनम ने रघुवंशी की हत्या के लिए उन्हें भाड़े पर बुलाया था। उन्होंने कहा, ‘‘अपराध में संलिप्त कुछ और लोगों को पकड़ने के लिए मध्यप्रदेश में अभियान अब भी जारी है।’’ मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने राज्य और देश को झकझोर देने वाले इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस की सराहना की। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘राजा हत्याकांड में सात दिन के भीतर मेघालय पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है... मध्यप्रदेश के तीन हत्यारों को गिरफ्तार किया गया है। महिला ने आत्मसमर्पण कर दिया है तथा एक और हमलावर को पकड़ने के लिए अभियान अब भी जारी है।’’ इस बीच, इंदौर के पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शहर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में मेघालय पुलिस ने इंदौर और इसके आस-पास से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि रविवार देर रात की इस मुहिम में इंदौर पुलिस ने मेघालय की ईस्ट खासी हिल्स पुलिस की मदद की। सिंह ने बताया कि राजा रघुवंशी के हत्याकांड का विस्तृत खुलासा मेघालय पुलिस करेगी।

‘पीटीआई-भाषा’ ने शनिवार को बताया था कि मावलखियात में एक पर्यटक गाइड अल्बर्ट पडे ने रघुवंशी और उनकी पत्नी को लापता होने के दिन तीन लोगों के साथ देखा था। अल्बर्ट ने कहा कि उसने 23 मई को सुबह 10 बजे के आसपास नोंगरियात से मावलखियात तक 3,000 से अधिक सीढ़ियां चढ़ते समय तीन लोगों के साथ दंपति को देखा था। गाइड ने बताया कि उसने दंपति को पहचान लिया क्योंकि उसने पिछले दिन उन्हें नोंगरियात में लोकप्रिय ‘लिविंग रूट्स ब्रिज’ देखने की बात कही थी, लेकिन उन्होंने विनम्रतापूर्वक मना कर दिया था और एक अन्य गाइड को काम पर रखा। ‘लिविंग रूट्स ब्रिज’ मेघालय में पेड़ों की जड़ों से प्राकृतिक रूप से बना पुल है जो कि पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। गाइड ने यह भी बताया कि दंपति के साथ आए तीनों लोग हिंदी में बात कर रहे थे जो दिखाता है कि वे स्थानीय लोग नहीं थे।

दंपति के परिवारों ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच की मांग की थी। रघुवंशी का शव ‘वेइसाडोंग फॉल्स’ के पास एक खाई में मिला था। उनकी एक सोने की अंगूठी और चेन गायब थी, जिससे संदेह और बढ़ गया कि उनकी हत्या की गई। एक दिन बाद, पास में ही खून से सना एक चाकू मिला और दो दिन बाद दंपति द्वारा इस्तेमाल किए गए रेनकोट जैसा ही एक रेनकोट सोहरारिम और उस खाई के बीच मावकमा गांव में मिला, जहां रघुवंशी का शव पाया गया था। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को कहा कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मामले की सीबीआई जांच का आदेश देने का अनुरोध किया है। शुक्रवार को सोनम के परिवार ने मेघालय पुलिस की जांच से असंतुष्टि जताते हुए केंद्र से मामले को सीबीआई को सौंपने का आग्रह किया।

सोनम के पिता देवी सिंह रघुवंशी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘मेरी बेटी का अपहरण कर लिया गया है और वह अब भी अपहरणकर्ताओं के चंगुल में है। मेघालय पुलिस मामले की ठीक से जांच नहीं कर रही है। वे शुरू से ही लापरवाह रहे हैं। मैं उनके लापता होने के दिन से ही सेना की तैनाती की मांग कर रहा हूं। अगर समय रहते ऐसा किया जाता तो वे सुरक्षित मिल जाते।’’ राजा और सोनम की शादी 11 मई को हुई थी और दोनों 20 मई को हनीमून के लिए मेघालय रवाना हुए थे। वे 22 मई को किराए के स्कूटर पर मावलखियात गांव पहुंचे। उनका स्कूटर 24 मई को शिलांग से सोहरा जाने वाली सड़क के किनारे एक कैफे में लावारिस हालत में मिला, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू हुई। एक पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में चार पुलिस उपाधीक्षकों की सहायता से एक विशेष जांच दल (एसआईटी) मामले की जांच कर रहा है।

टॅग्स :वायरल वीडियोहत्यामर्डर मिस्ट्रीमेघालयइंदौर
Open in App

संबंधित खबरें

ज़रा हटकेमेरठ के रिटायर्ड जज ने ढोल-नगाड़ों के साथ मनाया बेटी के तलाक़ का जश्न, परिवार ने किया भव्य स्वागत | Video

क्राइम अलर्टयूपी के मदरसे में शिक्षकों ने 10 साल के बच्चे को पीटा, एक ने उसे पकड़कर रखा, दूसरे ने डंडे से मारा, VIDEO

क्राइम अलर्टपति-पत्नी और वो..., अवैध संबंध के चलते महिला ने सुहाग को उतारा मौत के घाट; आगरा पुलिस का खुलासा

ज़रा हटकेVIRAL: बुलडोजर पर सवार होकर पहुंची विधायक, वायरल हुआ अनोखा अंदाज

क्राइम अलर्टपत्नी की गला रेतकर हत्या और पति ने खुद को चाकू से वार कर आत्महत्या का किया प्रयास

ज़रा हटके अधिक खबरें

ज़रा हटकेVIDEO: फर्रुखाबाद में दिल दहला देने वाला हादसा, Thar से दबकर बुजुर्ग महिला की मौत

ज़रा हटकेVIDEO: 30 सेकंड में 36 कोड़े से वार; यूपी के मदरसे में 10 साल के मासूम की पिटाई, फुटेज देख कांप जाएंगे आप

ज़रा हटके'चिंकी-मोमो', 'चाइनीज' कहकर किया अपमान, अरुणाचल से आई डांस टीम के साथ पटना में बदसलूकी; VIDEO वायरल

ज़रा हटकेबनारस में सीएम यादव श्री राम भंडार में रुके और कचौड़ी, पूरी राम भाजी और जलेबी का स्वाद लिया?, वीडियो

ज़रा हटकेपटना स्थित राज्य महिला आयोग के दफ्तर में प्रेमी जोड़े ने की शादी, लड़के ने आयोग के सदस्यों की मौजूदगी में लड़की की मांग भरी