बारातियों को दुल्हन पक्ष के लोगों ने नहीं परोसा मटन, गुस्साए दूल्हे ने दूसरी लड़की से रचा ली शादी
By अभिषेक पारीक | Updated: June 28, 2021 18:09 IST2021-06-28T17:59:58+5:302021-06-28T18:09:45+5:30
दुल्हन के घर पहुंचे बारातियों को जब पता चला कि शादी में मटन का इंतजाम नहीं है तो वे नाराज हो गए। उन्होंने इस बारे में दूल्हे को कहा और उसका भी मूड खराब हो गया और वह मंडप से गायब हो गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
भारतीय शादियों में लोगों के लिए लजीज खाना काफी मायने रखता है। मनपसंद खाना न हो तो मेहमानों का मूड खराब हो जाता है। हालांकि खाने के कारण किसी शादी के टूटने की स्थिति पैदा हो जाए। ये तो शायद किसी ने सुना ही नहीं होगा। हालांकि ओडिशा में एक शादी में कुछ ऐसा ही हुआ। दुल्हन के घर पहुंचे बारातियों को जब पता चला कि शादी में मटन का इंतजाम नहीं है तो वे नाराज हो गए। उन्होंने इस बारे में दूल्हे को कहा और उसका भी मूड खराब हो गया और वह मंडप से गायब हो गया।
ओडिशा के जाजपुर में जब एक बारात पहुंची तो दुल्हन पक्ष के लोगों ने धूमधाम से स्वागत किया गया। शादी की रस्मों को निभाया जा रहा था और इसी दौरान बारातियों को पता चला कि खाने में मटन नहीं है। जिससे वे नाराज हो गए।
शादी करने से कर दिया इनकार
बारातियों का कहना था कि शादी में मटन परोसने के बारे में पहले ही लड़की वालों को बता दिया गया था। दुल्हन पक्ष के लोग बारातियों को समझा ही रहे थे कि इतने में ही यह बात दूल्हे रमाकांत पात्रा तक पहुंच गई। मटन न होना दूल्हे को अपना अपमान लगा और उसने शादी करने से ही इनकार कर दिया।
दूसरी लड़की से की शादी
लड़की वालों ने शादी के लिए लड़के को मनाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद वह अपने एक रिश्तेदार के साथ दूसरे गांव चला गया और रात भर वहीं रुका। बताया जा रहा है कि दूल्हे ने उसी रात एक लड़की से शादी भी कर ली।