महाराष्ट्र वन विभागः सरकारी कामकाज से संबंधित फोन आने पर हेलो की जगह ‘वंदे मातरम’ बोलकर जवाब देने की अपील, जानिए
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: August 25, 2022 20:37 IST2022-08-25T20:36:28+5:302022-08-25T20:37:31+5:30
Maharashtra Forest Department: सरकारी प्रस्ताव से कुछ दिन पहले नवनियुक्त संस्कृति एवं वन मंत्री सुधीर मुंगंतिवार ने सभी सरकारी अधिकारियों को अपने कार्यालयों में फोन रिसीव करने पर ‘हेलो’ के स्थान पर ‘ वंदे मातरम ’ कहने का निर्देश दिया था।

अधिकारी फोन पर हेलो के बजाय ‘वंदे मातरम’ कहें।
पुणेःमहाराष्ट्र के वन विभाग ने बृहस्पतिवार को एक आदेश जारी कर अपने कर्मियों से सरकारी कामकाज से संबंधित फोन आने पर ‘वंदे मातरम’ बोलकर जवाब देने की अपील की।
इस आदेश/ सरकारी प्रस्ताव से कुछ दिन पहले नवनियुक्त संस्कृति एवं वन मंत्री सुधीर मुंगंतिवार ने सभी सरकारी अधिकारियों को अपने कार्यालयों में फोन रिसीव करने पर ‘हेलो’ के स्थान पर ‘ वंदे मातरम ’ कहने का निर्देश दिया था।
प्रस्ताव में कहा गया है, ‘‘वन विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से अपील की गयी है कि सरकारी कामकाज के सिलसिले में आम लोगों या जन प्रतिनिधियों के फोन रिसीव करते समय हेलो की जगह वंदे मातरम बोलें।’’ मुंगंतिवार ने पहले कहा था, ‘‘ हम आजादी के 76 वें साल में कदम रख रहे हैं। हम अमृत महोत्सव मना रहे हैं। इसलिए मैं चाहता हूं कि अधिकारी फोन पर हेलो के बजाय ‘वंदे मातरम’ कहें।’’