बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में "वीरू" की चाहत में "बसंती" चढ़ गई हाईवोल्टेज बिजली के टावर पर, प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी
By एस पी सिन्हा | Updated: March 15, 2026 17:36 IST2026-03-15T17:36:30+5:302026-03-15T17:36:34+5:30
दरअसल, युवती का अपने ही इलाके के एक युवक से प्रेम संबंध था और वह उसी से शादी करना चाहती थी। लेकिन किसी कारण से परिवार के लोग इस रिश्ते को लेकर तैयार नहीं थे। बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर युवती ने बेहद खतरनाक कदम उठा लिया।

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में "वीरू" की चाहत में "बसंती" चढ़ गई हाईवोल्टेज बिजली के टावर पर, प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी
पटना:बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के राजपुर तेतरिया थाना क्षेत्र से एक अजीबोगरीब और हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां "वीरू" की चाह में "बसंती" बिजली के ऊंचे टावर पर चढ़ गई और फिल्मी अंदाज में जोर-जोर से चिल्लाकर अपने प्यार का इजहार करने लगी। युवती के द्वारा अपने प्रेमी से शादी कराने की जिद के कदम को देखकर आसपास के लोग हैरान रह गए और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
दरअसल, युवती का अपने ही इलाके के एक युवक से प्रेम संबंध था और वह उसी से शादी करना चाहती थी। लेकिन किसी कारण से परिवार के लोग इस रिश्ते को लेकर तैयार नहीं थे। बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर युवती ने बेहद खतरनाक कदम उठा लिया। युवती अचानक गांव के पास लगे एक बड़े बिजली के टावर पर चढ़ गई। टावर काफी ऊंचा था और वहां चढ़ना बेहद जोखिम भरा था। लेकिन युवती बिना किसी डर के ऊपर चढ़ गई और वहां खड़े होकर जोर-जोर से चिल्लाने लगी।
वह बार-बार अपने प्रेमी को आवाज देकर कह रही थी- “बाबू, मैं सिर्फ तुम्हारी हूं… ऐसे कैसे तुम मेरे नहीं हो सकते… मुझे तुमसे ही शादी करनी है।” युवती का यह अंदाज बिल्कुल फिल्मों जैसा लग रहा था। जैसे शोले फिल्म में हीरो अपनी प्रेमिका से शादी की जिद में पानी की टंकी पर चढ़कर पूरे गांव के सामने हंगामा करता है और तब तक नीचे नहीं उतरता जब तक उसकी बात मान नहीं ली जाती। ठीक उसी तरह यहां एक प्रेमिका ने भी अपने प्रेमी से शादी की जिद में बिजली के टावर को ही अपना मंच बना लिया।
टावर पर चढ़कर युवती लगातार अपने प्रेमी और घरवालों पर शादी के लिए दबाव बनाती रही। वह कह रही थी कि अगर उसकी शादी उसके प्रेमी से नहीं कराई गई तो वह नीचे नहीं उतरेगी। उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दे रही थी। इधर, युवती को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गांव के लोग वहां जमा होने लगे। कई लोग इस पूरे घटनाक्रम को देखकर हैरान थे तो कई लोग मोबाइल फोन से इसका वीडियो बनाने लगे।
स्थानीय लोगों ने जब देखा कि मामला गंभीर हो सकता है और युवती काफी ऊंचाई पर खड़ी है तो उन्होंने तुरंत राजपुर तेतरिया थाना की पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती युवती को सुरक्षित नीचे उतारने की क्योंकि बिजली का टावर बेहद ऊंचा और खतरनाक था। जरा सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। पुलिस अधिकारियों ने युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया और उसे शांत रहने तथा नीचे उतरने के लिए कहा।
इसी बीच युवती के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों ने भी उसे काफी समझाने की कोशिश की। वे उससे बार-बार कह रहे थे कि वह नीचे उतर आए और इस तरह अपनी जान जोखिम में न डाले। लेकिन उस समय युवती किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी और अपनी जिद पर अड़ी हुई थी। करीब काफी देर तक यह नाटकीय स्थिति बनी रही।
वती टावर के ऊपर खड़ी होकर अपने प्रेमी को पुकारती रही और शादी की मांग दोहराती रही। वहीं नीचे पुलिस और परिवार के लोग उसे मनाने में लगे रहे। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों की सांसें भी थमी हुई थीं, क्योंकि सभी को डर था कि कहीं कोई बड़ा हादसा न हो जाए। हालांकि पुलिस पूरी सावधानी के साथ स्थिति को संभालने की कोशिश कर रही थी। पुलिस और परिवार के लोगों की कोशिश से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया और उसकी शादी को लेकर आपसी समझौता कर रहे हैं। प्रेमी और उसके परिजनों को भी बुला लिया गया है।