“जब तक मेरे महबूब को रिहा नहीं किया जाएगा, तब तक नीचे नहीं उतरूंगी'': बिहार के गोपालगंज जिले में प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर प्रेमिका चढ़ गई मोबाइल टावर पर

By एस पी सिन्हा | Updated: March 6, 2026 16:57 IST2026-03-06T16:57:16+5:302026-03-06T16:57:25+5:30

युवती ने साफ तौर पर कहा कि जब तक उसके प्रेमी को पुलिस हिरासत से रिहा नहीं किया जाएगा और दोनों की शादी नहीं कराई जाएगी, तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगी। इस घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

In Bihar's Gopalganj district, a woman climbed a mobile tower demanding the release of her boyfriend. | “जब तक मेरे महबूब को रिहा नहीं किया जाएगा, तब तक नीचे नहीं उतरूंगी'': बिहार के गोपालगंज जिले में प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर प्रेमिका चढ़ गई मोबाइल टावर पर

“जब तक मेरे महबूब को रिहा नहीं किया जाएगा, तब तक नीचे नहीं उतरूंगी'': बिहार के गोपालगंज जिले में प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर प्रेमिका चढ़ गई मोबाइल टावर पर

पटना: बिहार में गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के बनकटा गांव से शुक्रवार को इश्क का एक ऐसा हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। दरअसल, अपने प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज एक युवती सीधे मोबाइल टॉवर पर चढ़ बैठी और अपने प्रेमी की रिहाई की मांग करने लगी। युवती ने साफ तौर पर कहा कि जब तक उसके प्रेमी को पुलिस हिरासत से रिहा नहीं किया जाएगा और दोनों की शादी नहीं कराई जाएगी, तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगी। इस घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

बताया जा रहा है कि बनकटा मल गांव निवासी संजय गोंड की पुत्री अर्पिता कुमारी का गांव के ही युवक पवन चौहान के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन इस रिश्ते से सहमत नहीं थे। गुरुवार की रात अर्पिता अचानक अपने घर से लापता हो गई। जब काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब युवती का पता नहीं चला तो परिवार वालों ने पवन चौहान पर अपहरण की आशंका जताते हुए भोरे थाना में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पवन चौहान को हिरासत में लेकर थाने ले आई। 

इधर शुक्रवार की सुबह जब ग्रामीणों की नजर बनकटा जागीरदारी गांव स्थित एक मोबाइल टावर पर पड़ी तो सभी हैरान रह गए। टावर की ऊंचाई पर अर्पिता बैठी हुई थी और नीचे आने से साफ इनकार कर रही थी। टॉवर पर चढ़ी युवती को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। कोई इसे दीवानगी कह रहा था तो कोई पुलिस की कार्रवाई पर तंज कस रहा था। कुछ लोग मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगे तो कुछ बुजुर्ग सिर पकड़कर खड़े हो गए। इश्क का यह ‘लाइव तमाशा’ देखते ही देखते पूरे इलाके की चर्चा बन गया। सूचना मिलते ही भोरे थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने पहले युवती को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही। 

आखिरकार पुलिस को मजबूर होकर गिरफ्तार प्रेमी को भी मौके पर लाना पड़ा, ताकि उसे दिखाकर युवती को शांत कराया जा सके। टॉवर के नीचे पुलिस, ग्रामीण और परिजन घंटों तक समझाइश की मशक्कत करते रहे। हर कोई उसे नीचे उतरने की गुजारिश करता रहा, लेकिन युवती ने वहीं से ऐलान कर दिया-“जब तक मेरे महबूब को रिहा नहीं किया जाएगा, तब तक नीचे नहीं उतरूंगी। खबर लिखे जाने तक फिलहाल पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर युवती को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटे हुए हैं। फिलहाल पुलिस का पूरा ध्यान युवती को सुरक्षित नीचे उतारने और स्थिति को शांतिपूर्वक नियंत्रित करने पर केंद्रित है।

Web Title: In Bihar's Gopalganj district, a woman climbed a mobile tower demanding the release of her boyfriend.

ज़रा हटके से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे