चीन की सबसे उम्रदराज महिला का निधन, 135 साल थी उम्र
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: December 18, 2021 17:39 IST2021-12-18T17:37:33+5:302021-12-18T17:39:03+5:30
अलीमिहान सेयती नाम की इस महिला का जन्म 25 जून 1886 को हुआ था। उनका निधन गुरुवार को हुआ।

चीन की सबसे उम्रदराज महिला का निधन (फोटो- ट्विटर)
बीजिंग: चीन की सबसे बुजुर्ग व्यक्ति अलीमिहान सेयती का शिनजियांग उइगुर स्वायत्त क्षेत्र में 135 साल की उम्र में निधन हो गया है। स्थानीय अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
चीन के काशगर प्रांत में शुले काउंटी के कोमक्सरिक टाउनशिप में रहने वाली सेयती का जन्म 25 जून 1886 को हुआ था। न्यूज एजेंसी ‘शिन्हुआ’ की रिपोर्ट के अनुसार, 2013 में वह ‘चाइना एसोसिएशन ऑफ गेरोंटोलॉजी एंड जेरियाट्रिक्स’ द्वारा जारी आकड़ों के अनुसार वह देश के सबसे बुजुर्ग व्यक्तियों की सूची में सबसे ऊपर थी।
सेयती का निधन गुरुवार को हुआ। बताया गया कि मृत्यु होने तक सेयती का एक बहुत ही सरल और नियमित दैनिक जीवन था। वह हमेशा समय पर खाना खाती थी और अपने आंगन में धूप सेंकने का आनंद लेती थी।
कोमक्सरिक को एक ‘दीघार्यु शहर’ के रूप में जाना जाता है, जिसमें 90 वर्ष से अधिक आयु के कई बुजुर्ग व्यक्ति हैं। खबर के अनुसार स्थानीय सरकार ने 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गो के लिए अनुबंधित डॉक्टर सेवा, मुफ्त वार्षिक शारीरिक जांच और मासिक सब्सिडी प्रदान की है।